ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों ने किया सामूहिक योग
गुना
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिले में संचालित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर अंतर्गत संजय स्टेडियम खेल परिसर में बास्केटबॉल, हॉकी एवं जूडो के खिलाड़ियों के लिए सामूहिक योग सत्र आयोजित किया गया। जिले में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय के साथ-साथ आरोन, चांचौड़ा, बमोरी एवं राघौगढ़ विकासखंड मुख्यालयों पर भी ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर संचालित किए जा रहे हैं।
खिलाड़ियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने तथा प्रशिक्षण के दौरान तनावमुक्त वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित योग सत्र में संजय स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे करीब 200 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, भुजंगासन, शवासन, चक्रासन सहित विभिन्न योग आसनों का अभ्यास किया।
योग सत्र के माध्यम से खिलाड़ियों को नियमित योग के लाभों तथा खेल प्रदर्शन में इसकी उपयोगिता की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में हॉकी, जूडो एवं बास्केटबॉल के प्रशिक्षक उपस्थित रहे। इसकी जानकारी खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रशिक्षक श्री दुर्गेश सक्सेना द्वारा दी गई।
