‘मोबाइल कोर्ट’ के माध्यम से भूमि विवाद का मौके पर हुआ निराकरण
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में भूमि संबंधी विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए ‘मोबाइल कोर्ट’ की व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है।
इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी गुना श्रीमति शिवानी पाण्डेय की उपस्थिति में तहसील बमोरी के ग्राम विश्वनगर (मजरा खेजरा चक) में मोबाइल कोर्ट के माध्यम से भूमि विवाद का निराकरण किया गया। जिसमें जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन के अनुसार आवेदक कोमल पुत्र निर्भय सिंह पारदी एवं आवेदिका सुनीता पत्नी मेजर सिंह पारदी ने अपनी-अपनी स्वामित्व भूमि पर अवैध कब्जे की आशंका एवं विवाद की शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत के आधार पर संबंधित पक्षों को विधिवत सूचना देकर मौके पर उपस्थित किया गया।
मोबाइल कोर्ट की कार्यवाही के दौरान दोनों पक्षों की उपस्थिति में वादग्रस्त भूमि का सीमांकन कराया गया तथा भूमि की वास्तविक सीमाएं समझाई गईं। राजस्व अधिकारियों द्वारा दोनों पक्षों को आपसी सहमति से विवाद का समाधान करने के लिए समझाइश दी गई, जिसके परिणामस्वरूप संबंधित पक्षों ने सहमति व्यक्त करते हुए एक-दूसरे की भूमि पर कब्जा या फसल बोने का प्रयास नहीं करने का आश्वासन दिया। विवाद के निराकरण उपरांत मौके पर सहमति पंचनामा तैयार किया गया।
मोबाइल कोर्ट के दौरान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रीमती दीपा डोंदवे, तहसीलदार बमोरी श्री देवदत्त गोलिया, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट श्री जयप्रकाश गौतम, थाना प्रभारी धरनावदा श्री राहुल शर्मा सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग का अमला उपस्थित रहा।
