Type Here to Get Search Results !

व्यावसायिक उपयोग में पाए जाने पर 08 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

 व्यावसायिक उपयोग में पाए जाने पर 08 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनके व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अवधेश पाण्डेय के निर्देशन में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों द्वारा शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री आशीष चतुर्वेदी, श्रीमती इंदू शर्मा एवं श्रीमती वर्षा बड़ोनिया शामिल रहीं। 

खाद विभाग के दल द्वारा जैन श्री भोजनालय, आनंद भोजनालय, अश्विनी अमृत तुल्य चाय सेंटर, सोनम चिकन बिरयानी सेंटर, केजीएन चिकन बिरयानी सेंटर, राजा चिकन बिरयानी सेंटर सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए कुल 08 घरेलू गैस सिलेंडर मौके से जब्त किए गए। जांच दल द्वारा स्टेशन रोड क्षेत्र सहित शहर के विभिन्न होटल, भोजनालय एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच भी की गई।

इस दौरान जांच दल के अधिकारियों ने होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का उपयोग करने के निर्देश दिए तथा उन्हें पीएनजी (PNG) कनेक्शन लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया। घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के मामलों में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अवधेश पाण्डेय ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध अंतरण, जमाखोरी, कालाबाजारी एवं व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.