बजरंगगढ़ थानांतर्गत मोबाईल टॉबर से बैट्री चोरी के प्रकरण में पुलिस की सक्रिय कार्यवाही
*प्रकरण में फरार अंतिम आरोपी किया गिरफ्तार, 40 हजार रूपये मूल्य की 08 बैट्रियां बरामद*
*आरोपी की गिरफ्तारी पर उदघोषित था एक हजार रूपये इनाम*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ हेतु निरंतर प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार और उनकी टीम द्वारा थानांतर्गत करीब साढ़े तीन माह पूर्व मोबाईल टॉबर से बैट्री चोरी के प्रकरण में फरार चल रहे 1000 रूपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 26-27 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि में बजरंगगढ़ स्थित ALTIUS TOWER से किन्हीं अज्ञात व्यक्तियों द्वारा 72 बैटरियां चोरी की गईं थीं, जिस पर से अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध बजरंगगढ थाने में अपराध क्रमांक 22/26 धारा 303(2), 331(4) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था ।
बजरंगगढ़ थाना पुलिस द्वारा प्रकरण में तत्परता दिखाते हुए दिनांक 11 मार्च 2026 को 06 आरोपियों 1-राणा रजक निवासी नईबस्ती कुशमौदा, 2-मोनू जाटव निवासी गुलाबगंज, 3-नाजिर खां निवासी हड्डी मील गुना, 4-आसिफ खां उर्फ चच्चू निवासी हड्डीमील गुना, 5-सुभाष गोस्वामी निवासी कालापाठा कैंट एवं 6-रवि अहिरवार निवासी रामपुरा मोहल्ला अशोकनगर को गिरफ्तार कर जिनके कब्जे से प्रकरण में चोरी हुई 64 बैटरिया एवं घटना में प्रयुक्त 02 ऑटो बरामद किए गए थे एवं प्रकरण में फरार शेष व अंतिम आरोपी सादिक खांन निवासी कर्नेलगंज गुना की तलाश जारी रखते हुए जिसकी गिरफ्तारी निरंतर प्रयास किए गए, किंतु आरोपी सादिक खांन अपने पते से लगातार फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी हेतु गुना पुलिस अधीक्षक की ओर से 1000/- रूपये इनाम घोषित कर उसकी शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए ।
निर्देशानुसार बजरंगगढ थाना प्रभारी कृपाल सिंह परिहार द्वारा फरार इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास और तेज किए और इस हेतु अपना मुखबिर तंत्र सुदृढ़ कर लगातार दबिश दी गईं । इसमें पुलिस के अथक प्रयासों एवं सतत सूचना संकलन के फलस्वरूप गत दिनांक 23 जून 2026 की रात में आरोपी के भोपाल से बस द्वारा गुना आने की मुखबिर से सटीक सूचना मिलने पर बजरंगगढ़ थाना पुलिस द्वारा आरोपी सादिक पुत्र जमरू खांन उम्र 25 साल निवासी कर्नेलगंज गुना को बस स्टेण्ड पर बस उतरते ही धर दबोच लिया गया एवं उसे प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर उसकी निशादेही से प्रकरण में चोरी हुई 08 और बैट्रियां कुल कीमती करीबन 40 हजार रूपये की बरामद की गई । इसके उपरांत गिरफ्तार आरोपी सादिक खांन को आज माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है ।
बजरंगगढ़ थाना पुलिस की इस सक्रिय एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार, सउनि पृथ्वी सिंह, आरक्षक मुकेश वर्मा, आरक्षक जितेन्द्र शर्मा, महेश बंजारा, आरक्षक अभयराज रघुवंशी, आरक्षक नवलिकशोर, महिला आरक्षक सपना रघुवंशी एवं महिला आरक्षक पूजा गुप्ता का सराहनीय योगदान रहा है ।
