Type Here to Get Search Results !

बिना रॉयल्टी गिट्टी परिवहन करते डंपर पर प्रशासन की कार्रवाई, वाहन जब्त

 बिना रॉयल्टी गिट्टी परिवहन करते डंपर पर प्रशासन की कार्रवाई, वाहन जब्त



गुना,  कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देश एवं एसडीएम राघोगढ़ श्री अमित कुमार सोनी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को मधुसूदनगढ़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट मधुसूदनगढ़ श्री कमल सिंह कोली द्वारा भ्रमण के दौरान ग्राम बारोद के समीप गिट्टी से भरे एक डंपर को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वाहन चालक से खनिज परिवहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज एवं रॉयल्टी पर्ची प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन चालक कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका।


डंपर क्रमांक MP 08 GA-0279 के चालक बनबारी पुत्र सूरज सिंह गुर्जर ने बताया कि वह गिट्टी से भरे वाहन को ग्राम कोलारस स्थित सौदान सिंह गुर्जर के क्रेशर से भरकर ग्राम नागनखेड़ी ले जा रहा था। मौके पर खनिज परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज एवं रॉयल्टी पर्ची नहीं मिलने पर वाहन को अवैध खनिज परिवहन की आशंका में जब्त कर लिया गया।


कार्रवाई के दौरान थाना मधुसूदनगढ़ प्रभारी को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और डंपर को अपने कब्जे में लेकर थाना मधुसूदनगढ़ में सुरक्षित खड़ा कराया गया। मामले की विस्तृत जांच एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को भी सूचित कर दिया गया है।


जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.