Type Here to Get Search Results !

पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल

 पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल


गुना 

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आज जिला चिकित्सालय गुना के मनकक्ष टीम द्वारा पुलिस लाइन कैंट गुना के पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।

सेमिनार के प्रमुख वक्ता डॉ. आरएस भाटी ने प्रतिभागियों को वर्कप्लेस में होने वाले तनाव उसके कारणों तथा उसके बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तनाव का समय रहते पहचान करना एवं उचित प्रबन्धन करना आवश्यक है ताकि व्यक्ति का मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर बनाया जा सके। इसके साथ ही ड्रग एडिक्शन के बढ़ते खतरे एवं दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी दी, उन्होने बताया कि यदि कोई व्यक्ति नशे की लत का शिकार है तो उसे उचित समय पर परामर्श, चिकित्सा एवं पुर्नवास सेवाओं की सहायता लेनी चाहिए। इसके साथ में आत्महत्या रोकथाम के बारे में बताया जिसे समय पर पहचान और उचित सहयोग के माध्यम से रोका जा सकता है। उन्होंने डिप्रेशन, मेनिया, एंजाइटी, नींद की समस्या, ओसीडी, मोबाइल एडिक्शन एवं मिर्गी आदि समस्याओं के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे गए जिनका डॉ. आरएस भाटी ने सरल एवं व्यवहारिक उदाहरण के माध्यम से समाधान प्रस्तुत किया।

सेमिनार में डॉ. देवकीनंदन किरार (एमडी साइकियाट्रिस्ट) ने मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए व्यायाम, योग, ध्यान,पर्याप्त नींद, संतुलित आहार तथा सकारात्मक सोच को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के सुझाव दिये, इसके साथ ही परिवार एवं मित्रों के साथ संवाद बनाए रखना अपनी भावनाओं को व्यक्त करना एवं आवश्यक पड़ने पर विशेषज्ञ की सहायता लेने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों का मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग किया गया, तथा चिह्नित लोगों की पहचान कर परामर्श हेतु जिला चिकित्सालय गुना के कमरा नंबर 9 में आने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में नर्सिंग ऑफिसर प्रज्ञा मांडवे द्वारा मानसिक एवं भावनात्मक समस्या होने पर मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित टोल फ्री हेल्प लाइन नम्बर 24×7 18008914416 अथवा 14416 की सेवाओं का लाभ लेने के बारे मे जानकारी दी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को "मनहित"ऐप डाउनलोड कराया गया एवं एप में उपलब्ध सुविधाओ के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.