बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका के अपहरण के प्रकरण में पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही
*महज 24 घंटे के भीतर बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर आरोपी को किया गिरफ्तार*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इनके विरूद्ध घटित अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेकर इनमें त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार और उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के अपहरण के प्रकरण में तत्परता का परिचय देते हुए महज 24 घंटे के भीतर ही बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।
दिनांक 22 जून 2026 को एक पिता द्वारा बजरंगगढ़ थाने पर रिपोर्ट करते हुए बताया था कि दिनांक 20 जून 2026 की रात में उसकी 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को आरोन थाना क्षेत्र के ग्राम ककरयाई निवासी पप्पू अहिरवार शादी का प्रलोभन देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है । जिसकी रिपोर्ट पर से बजरंगगढ़ थाने में आरोपी पप्पू अहिरवार के विरूद्ध अपराध क्रमांक 70/26 धारा 137(2), 87 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा तत्काल अपहृता की दस्तयाबी एवं आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए । निर्देशों के अनुपालन में थाना बजरंगगढ़ पुलिस द्वारा अपहृता की तलाश हेतु विशेष अभियान चलाया गया एवं इस हेतु अपना मुखबिर तंत्र सुदृढ़ किया तथा विभिन्न तकनीकी संसाधनों की मदद से कड़ी से कड़ी मिलाकर सभी संभावित जगहों पर बालिका को खोजने के सघन प्रयास किए गए । इसमें पुलिस के सक्रिय एवं अथक प्रयासों के परिणाम स्वरूप रिपोर्ट के मात्र 24 घंटे के भीतर ही दिनांक 23 जून 2026 को अपहृत बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया साथ ही आरोपी पप्पू पुत्र सीताराम अहिरवार उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम ककरयाई थाना आरोन जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं विधिवत प्रक्रिया उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है ।
बजरंगगढ़ पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही से न केवल पीड़ित परिवार को राहत मिली, बल्कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति गुना पुलिस की प्रतिबद्धता भी एक बार फिर प्रमाणित हुई ।
बजरंगगढ़ थाना पुलिस की इस तत्पर एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार, सउनि प्रथ्वी सिंह, प्रधान आरक्षक राजेश शुक्ला, प्रधान आरक्षक मुन्ना सिंह, प्रधान आरक्षक अंजू तोमर, आरक्षक अभयराज रघुवंशी, आरक्षक मुकेश वर्मा, आरक्षक भूपेन्द्र गुर्जर, आरक्षक हेमन्त सोनी, महिला आरक्षक पूजा गुप्ता एवं महिला आरक्षक सपना रघुवंशी का विशेष योगदान रहा है ।
