एसडीएम ने किया सिविल अस्पताल आरोन का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
गुना
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम के उपरांत एसडीएम आरोन सुश्री मंजूषा खत्री ने सिविल अस्पताल आरोन का प्रातःकालीन औचक निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया तथा नियमित एवं समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार कर मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
एसडीएम ने महिलाओं के प्रसव संबंधी कक्ष का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध फर्नीचर को व्यवस्थित रखने एवं मरीजों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अस्पताल के स्टॉक रूम, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) वार्ड तथा आकस्मिक वार्ड का भी निरीक्षण किया गया। एसडीएम ने अस्पताल प्रबंधन को निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार लाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार आरोन श्री धीरेंद्र गुप्ता, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट श्री अमित जैन सहित अस्पताल का चिकित्सा एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
