मृगवास थाना क्षेत्र से अपहृत नाबालिग किशोरी को पुलिस ने सुरक्षित दस्तयाब कर परिवार से मिलाया
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में नाबालिग बालक-किशोरीओं के अपहरण एवं गुमशुदगी से संबंधित प्रकरणों को अत्यंत गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लेते हुए जिनकी शीघ्र दस्तयाबी हेतु निरंतर एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुना श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में मृगवास थाना पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र से नाबालिग किशोरी की गुमशुदगी के मामले में सक्रियता से कार्यवाही करते हुए किशोरी को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 19-20 मई 2026 की रात्रि में मृगवास थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी के लापता होने पर दिनांक 24 मई 2026 को किशोरी के पिता द्वारा मृगवास थाने पर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । जिस पर से पुलिस ने अपराध क्रमांक 55/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण प्रजीबद्ध कर किशोरी की तलाश प्रारंभ की गई ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल द्वारा जिले में नाबालिगों से संबंधित मामलों में शीघ्र एवं संवेदनशील कार्यवाही हेतु लगातार दिए जा रहे निर्देशों के तहत पुलिस द्वारा अपहृत नाबालिग किशोरी की सरगर्मी से तलाश की गई और इस हेतु अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया साथ ही विभिन्न तकनीकी संसाधनों की मदद ली गई जिससे संकलित सूचनाओं के आधार पर सभी संभावित जगहों पर किशोरी को खोजने के सघन प्रयास किए गए । अपहृता की तलाश के क्रम में गत दिनांक 08 जून 2026 को किशोरी के संबंध में पुलिस को पुख्ता जानकारी मिलने पर मृगवास थाना पुलिस द्वारा तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए किशोरी को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया एवं विधिवत कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से बाल कल्याण समिति अध्यक्षा श्रीमति डॉ. नीरू शर्मा एवं समिति सदस्यों के द्वारा आवश्यक कार्यवाही पूरी कर किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है ।
मृगवास थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप यादव, सानई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, सउनि राजेश कुमार, आरक्षक सोहन अनारे, आरक्षक नीरज धाकड, आरक्षक राहुल बघेल एवं महिला आरक्षक उमा शर्मा की सराहनीय भूमिका रही है ।
