Type Here to Get Search Results !

सेफ क्लिक 2.0" अभियान के नवें दिवस गुना पुलिस का व्यापक साइबर जनजागरूकता अभियान

 "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के नवें दिवस गुना पुलिस का व्यापक साइबर जनजागरूकता अभियान


*व्यापारिक प्रतिष्ठानों, स्थानीय बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नागरिकों को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक*


*डिजिटल सुरक्षा, सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन एवं साइबर अपराधों से बचाव के बताए प्रभावी उपाय*



               मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा साइबर जनजागरूकता हेतु प्रदेश स्तर पर संचालित "सेफ क्लिक-2.0" अभियान के नवें दिवस गुना पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों, स्थानीय बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया ।


               अभियान के तहत आज जिले के बजरंगगढ़ थाना पुलिस द्वारा प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी बजरंगगढ़, फतेहगढ़ थाना पुलिस द्वारा फतेहगढ़ बाजार, जामनेर थाना पुलिस द्वारा जामनेर बाजार, मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस द्वारा ग्राम उकावद बाजार, सिरसी थाना पुलिस द्वारा ग्राम नयागांव, बमौरी थाना पुलिस द्वारा बमौरी बाजार में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । इसके अतिरिक्त जिले के अन्य सभी थाना क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में व्यापारियों, दुकानदारों, ग्राहकों एवं आम नागरिकों से संपर्क कर साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई ।


               कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी, फिशिंग लिंक, केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी तथा अन्य साइबर अपराधों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया । साथ ही उन्हें बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा किसी भी प्रकार के ऑनलाइन प्रलोभन या दबाव में आकर आर्थिक लेन-देन न करें ।


               पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर तत्काल सहायता प्राप्त करें । साथ ही प्रत्येक नागरिक से अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया ।


               गुना पुलिस द्वारा संचालित "सेफ क्लिक 2.0" अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित, सतर्क एवं जागरूक बनाना है । अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी जिलेभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर इसी प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि साइबर अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता को और अधिक सशक्त बनाया जा सके ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.