गुना शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने यातायात पुलिस का पैदल भ्रमण अभियान
*सड़कों पर अवैध पार्किंग व अतिक्रमण के विरुद्ध कार्यवाही, नागरिकों को यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश*
गुना शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में गुना यातायात पुलिस द्वारा व्यापक पैदल भ्रमण एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया ।
इस दौरान यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह ने यातायात पुलिस बल के साथ जगत होटल, गुरुद्वारा रोड, ममता डेयरी, लाहोटी मार्ग आदि व्यस्ततम क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया ।
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर व्हील लॉक लगाकर मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्यवाही की गई । साथ ही दुकानदारों, हाथ ठेला संचालकों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को सड़क पर अतिक्रमण न करने, वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए समझाइश दी गई ।
भ्रमण के दौरान यातायात बाधित करने वाले प्रमुख स्थानों का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई गईं । संबंधित अधिकारियों एवं यातायात स्टाफ को निर्देशित किया गया कि शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करते हुए आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए ।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए समझाइश एवं प्रभावी प्रवर्तन की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी । गुना पुलिस द्वारा भी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर अतिक्रमण से बचने तथा वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करने की अपील की है, ताकि सभी के सहयोग से शहर में सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके ।
