गुना की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने हेतु पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने ली गुना यातायात पुलिस की विशेष समीक्षा बैठक
*नो पार्किंग, अवैध अतिक्रमण एवं सड़क सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश, यातायात सुधार के लिए अधिकारियों से लिए सुझाव*
गुना शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के उद्देश्य से गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में गुना यातायात पुलिस के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष समीक्षा बैठक ली । बैठक में शहर की वर्तमान यातायात व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक उपायों एवं भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई ।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया ने निर्देश दिए कि ओल्ड ए.बी. रोड, विशेषकर बस स्टेण्ड क्षेत्र में नो पार्किंग में खड़े वाहनों के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो सके । ममता डेयरी एवं बेजू चौराहा क्षेत्र में सड़क किनारे संचालित होने वाले हाथ ठेलों को व्हाइट लाइन के पीछे ही व्यवस्थित रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए । साथ ही जहां आवश्यक हो, वहां नगर पालिका के समन्वय से शीघ्र व्हाइट लाइन अंकित कराने की बात कही ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के लिए टोइंग क्रेन की व्यवस्था पुनः प्रारंभ कराने के निर्देश दिए । इसके अतिरिक्त हनुमान चौराहा स्थित ट्रैफिक सिग्नल को शीघ्र दुरुस्त कराने हेतु संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए । उन्होंने कहा कि गुना शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक, व्यवस्थित एवं जनहितैषी बनाने के लिए हर संभव प्रभावी एवं व्यावहारिक कदम उठाए जाएंगे ।
बैठक के समापन पर पुलिस अधीक्षक महोदया ने यातायात थाने के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों एवं उनके व्यावहारिक समाधान संबंधी सुझाव प्राप्त किए । अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए ।
बैठक में यातायात थाना प्रभारी श्री अजय प्रताप सिंह, सूबेदार हर्ष यादव, सूबेदार अविनाश उमरैया, सूबेदार यशवंत रघुवंशी आदि सहित यातायात थाने का लगभग समस्त स्टाफ उपस्थित रहा ।
गुना पुलिस की नागरिकों से अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें तथा सड़कों पर अतिक्रमण से बचते हुए सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें ।
