*फरार आरोपियों के विरुद्ध गुना पुलिस का अभियान सतत जारी*
लड़कियों को गुमराह कर बेचने एवं तांत्रिक क्रिया के नाम पर ठगी करने वाले संगठित गिरोह का अंतिम आरोपी भी गिरफ्तार
*आरोपी की गिरफ्तारी पर उदघोषित था, 2000/-रूपये इनाम*
*प्रकरण में करीब नौ माह से फरार आरोपी को मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने दबोचा, गिरोह के सभी आरोपी अब कानून की गिरफ्त में*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में फरार आरोपियों, स्थायी वारंटियों एवं संगठित अपराधों में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष धरपकड़ अभियान लगातार प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के नेतृत्व में मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने लड़कियों को गुमराह कर बेचने तथा तांत्रिक क्रिया के नाम पर ठगी करने वाले संगठित गिरोह के फरार अंतिम आरोपी को भी गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 21-22 सितंबर 2025 की रात्रि में मधुसूदनगढ़ क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा एक नाबालिग लड़की की खरीद-फरोख्त किए जाने की सूचना प्राप्त होने पर मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए मौके से अंतर सिंह भील, वीरम सिंह बंजारा, पप्पू बंजारा एवं अभिषेक पंत को गिरफ्तार किया था । कार्यवाही के दौरान उनके कब्जे से एक नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया गया था, जबकि दो आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए थे ।
प्रकरण की गहन विवेचना एवं पूछताछ में यह तथ्य सामने आया था कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लड़कियों को अपने झांसे में लेते थे । इसके बाद तथाकथित तांत्रिक क्रियाओं के माध्यम से धनवर्षा कराने का लालच देकर लोगों को अंधविश्वास में फंसाते और उनसे बड़ी रकम की ठगी करते थे । साथ ही लड़कियों की खरीद-फरोख्त के प्रयास भी किए जाते थे ।
प्रकरण में सभी छह आरोपियों के विरुद्ध मधुसूदनगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 153/25 के तहत धारा 98, 143(4), 111 बीएनएस, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 5 एवं 9 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 14 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी । गिरफ्तार चार आरोपियों को पूर्व में न्यायालय द्वारा जेल भेजा जा चुका था। प्रकरण की विवेचना एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे द्वारा की गई ।
प्रकरण में एक अन्य फरार आरोपी आदिल खान को पूर्व में गिरफ्तार किए जाने के बाद पुलिस द्वारा अंतिम फरार आरोपी इदरीश खान की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे । आरोपी के प्रकरण में निरंतर फरार रहने पर गुना पुलिस अधीक्षक की ओर से फरार आरोपी इदरीश खां की गिरफ्तारी पर 2000/-रूपये इनाम घोषित किया गया था । मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी हेतु अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई । जिसके परिणामस्वरूप आज दिनांक 02 जुलाई 2026 को मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए फरार 2000/-रूपये के इनामी आरोपी इदरीश खान पुत्र सलीम खान उम्र 30 वर्ष निवासी हनुमान फाटक के पास राघौगढ़ जिला गुना को भी गिरफ्तार कर लिया गया एवं विधिवत वैधानिक कार्यवाही के उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है ।
एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के नेतृत्व में मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल चौबे, उपनिरीक्षक पंजाब सिंह गौड, प्रधान आरक्षक संदीप कुमार एवं आरक्षक विनीत मौर्य का विशेष योगदान रहा है ।
गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि संगठित अपराध, मानव तस्करी, महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराध तथा अंधविश्वास के नाम पर ठगी जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा । फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी इसी दृढ़ता एवं प्रभावशीलता के साथ निरंतर जारी रहेगा ।
