*रात्रि में रास्ता भटके मासूम को डायल-112 ने सुरक्षित परिजनों से मिलाया*
जामनेर पुलिस की त्वरित संवेदनशीलता बनी 08 वर्षीय बालक के लिए सहारा, कुछ ही देर में नानी के सुपुर्द किया गया मासूम
*सूचना मिलते ही सक्रिय हुई डायल-112 टीम, सूझबूझ और मानवीय व्यवहार से सुरक्षित मिला परिवार का नन्हा सदस्य*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए प्रतिबद्ध डायल-112 सेवा ने एक बार फिर अपनी तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली का परिचय देते हुए रात्रि में रास्ता भटक गए 08 वर्षीय बालक को सुरक्षित खोजकर उसके परिजनों से मिलाया।
दिनांक 02-03 अगस्त 2026 की रात्रि में राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि गुना जिले के जामनेर में बस स्टैंड के पास एक छोटा बालक अकेला घूम रहा है, जो अपने घर का रास्ता भटक गया है तथा उसे पुलिस सहायता की आवश्यकता है।
सूचना प्राप्त होते ही जामनेर थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। डायल-112 पर तैनात आरक्षक रमेश दोहरे एवं पायलट अर्जुन सिंह किरार ने मौके पर पहुंचकर बालक को सुरक्षित संरक्षण में लिया तथा उससे अत्यंत स्नेहपूर्ण एवं आत्मीय व्यवहार करते हुए उसके परिजनों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पूछताछ के दौरान बालक ने बताया कि वह अपनी नानी के घर आया हुआ था। रात्रि में सभी लोगों के सो जाने के बाद वह अपने घर जाने की जिद में अकेले ही निकल पड़ा और रास्ता भटक गया। बालक द्वारा बताए गए स्थान के आधार पर डायल-112 टीम उसे एफआरव्ही वाहन से लेकर जामनेर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, जहां पहचान एवं आवश्यक सत्यापन के उपरांत बालक को सुरक्षित उसकी नानी के सुपुर्द कर दिया गया।
बालक को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली तथा डायल-112 पुलिस की त्वरित कार्यवाही, संवेदनशीलता एवं मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
यह कार्यवाही एक बार फिर सिद्ध करती है कि डायल-112 सेवा केवल आपातकालीन सहायता का माध्यम ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के लिए भरोसे और सुरक्षा का सशक्त आधार भी है।
