एसडीएम राघोगढ़ ने खंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
गुना
आगामी 07 अगस्त से प्रारंभ होने वाले मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान तथा 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राघोगढ़ श्री अमित सोनी ने सोमवार को अनुविभाग कार्यालय में खंड स्तरीय अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
बैठक में नल-जल योजना, नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन जैसे राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, नेशनल हाईवे पर दुर्घटनाओं से गौवंश की सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरण, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई आवेदनों, खाद वितरण, मूंग उपार्जन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की गतिविधियों, नगर पालिका के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जनपद पंचायत के निर्माणाधीन विकास कार्यों, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में अधिकाधिक पंजीयन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
एसडीएम श्री अमित सोनी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त होने वाले आवेदनों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक विभाग अपने लंबित प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण कर आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराए।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी सहित सभी खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

