सशक्त महिला, समृद्ध भारत: शक्तिशाली महिला संगठन समिति व CMS फाउंडेशन के CSR सहयोग से 200 महिलाओं को मिला हस्तशिल्प प्रशिक्षण
गुना
महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अनुकरणीय पहल करते हुए शक्तिशाली महिला संगठन समिति एवं CMS फाउंडेशन के CSR सहयोग से ग्राम उमरी में 200 दीदियों को स्वरोजगार हेतु विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस त्रि-आयामी प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को गोबर उत्पाद, जूट हस्तशिल्प एवं पारंपरिक लोक कला का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
तीन प्रमुख विधाओं में निखरा दीदियों का हुनर
गोबर उत्पाद (Eco-friendly Products): दीदियों ने पर्यावरण-अनुकूल गोबर से आकर्षक नेम प्लेट, आदियोगी की प्रतिमाएं एवं गणपति जी की मूर्तियां तैयार करना सीखा। जूट हस्तशिल्प (Jute Craft): प्लास्टिक का विकल्प प्रदान करने वाले जूट के बैग, सजावटी सामान और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बनाने की तकनीक सीखी। लोक कला (Traditional Folk Art): स्थानीय एवं पारंपरिक लोक कलाकृतियों और चित्रकारी का प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी कलात्मकता को व्यावसायिक रूप दिया।
कलेक्टर श्री कन्याल को भेंट की हस्तनिर्मित कलाकृतियां
प्रशिक्षण के उपरांत संस्था के प्रतिनिधियों एवं दीदियों ने कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल से सौजन्य भेंट की। दीदियों ने अपने हाथों से निर्मित गोबर की नेम प्लेट, आदियोगी की प्रतिमा तथा जूट व लोक कला से सुसज्जित उत्पाद कलेक्टर सर को स्मृति चिन्ह स्वरूप भेंट किए।
म्याना और उमरी की 300 दीदियों को मिला नया आधार
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि शक्तिशाली महिला संगठन समिति एवं CMS फाउंडेशन के CSR प्रयास से अब तक म्याना और उमरी क्षेत्र की कुल 300 दीदियों को जूट, गोबर उत्पाद और लोक कला का सफलता पूर्वक प्रशिक्षण दिया जा चुका है। संस्था का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की कला को बाज़ार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
