Type Here to Get Search Results !

बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़लागिर्द में पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त दबिश, 1200 लीटर लहान का मौके पर नष्टीकरण

 *अवैध शराब माफियाओं पर गुना पुलिस एवं प्रशासन की लगातार सख्त कार्यवाही*


बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़लागिर्द में पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त दबिश, 1200 लीटर लहान का मौके पर नष्टीकरण


*पुलिस द्वारा 70 लीटर कच्ची शराब जप्त, अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त दो पारदी महिलाएं गिरफ्तार*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं प्रभावी नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त शराब माफियाओं एवं तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाकर लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में बजरंगगढ़ थाना पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम गढ़लागिर्द में अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही की गई है ।


               जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दिनांक 11 सितंबर 2026 को बजरंगगढ़ थाना पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़लागिर्द में दबिश दी गई । कार्यवाही के दौरान पुलिस एवं आबकारी टीम द्वारा गांव के बाड़ों, खेतों, झाड़ियों एवं नाले आदि स्थानों पर सघन सर्चिंग की गई ।


              सर्चिंग के दौरान विभिन्न ड्रमों में शराब निर्माण के लिए तैयार किया हुआ करीब 1200 लीटर लहान बरामद हुआ, जिसका टीम द्वारा मौके पर विधिवत नष्टीकरण किया गया । साथ ही पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के साथ शराब निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त दो पारदी महिलाओं को गिरफ्तार किया गया । जिनमें महिला आरोपी निर्जला बाई पत्नी जीतू पारदी उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम गढ़लागिर्द के कब्जे से 60 लीटर अवैध कच्ची शराब जप्त की जाकर उसके विरुद्ध बजरंगगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 101/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया तथा महिला आरोपी करीना बाई पत्नी राजबीर पारदी उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम गढ़लागिर्द के कब्जे से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब जप्त की जाकर उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 102/2026, धारा 34 आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई । इसके अतिरिक्त आबकारी विभाग की ओर से भी अवैध शराब के संबंध में पृथक से दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं ।


               गुना पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाया जा रहा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा । पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार से जुड़े व्यक्तियों एवं उनके नेटवर्क की जानकारी एकत्रित कर उनके विरुद्ध निरंतर प्रभावी वैधानिक कार्यवाहियां की जा रही हैं ।


               अवैध शराब के विरूद्ध इस कार्यवाही में बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार, सउनि भंवर सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक राजेश शुक्ला, प्रधान आरक्षक अंजू तोमर, आरक्षक महेश बंजारा, आरक्षक हेमंत सोनी, आरक्षक अभयराज रघुवंशी एवं आबकारी विभाग से उपनिरीक्षक राधाकृष्ण अटारिया सहित उनकी टीम का सराहनीय योगदान रहा है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.