मोटरसाइकिल चालक ने पैदल जा रही महिलाओं को मारी टक्कर
*हादसे में गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को डायल-112 जवानों तत्परता दिखा तत्काल अस्पताल पहुंचाया*
गुना पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए संचालित डायल-112 सेवा जरूरतमंदों के लिए लगातार त्वरित सहायता का माध्यम बन रही है। इसी क्रम में सिरसी थानांतर्गत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई दो महिलाओं को डायल-112 के जवानों द्वारा समय पर अस्पताल पहुंचाकर तत्परता का परिचय दिया गया।
दिनांक 11 सितंबर 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 भोपाल में सूचना प्राप्त हुई कि गुना जिले के सिरसी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नागदा के पास सड़क दुर्घटना में दो महिलाएं घायल हो गई हैं तथा पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही सिरसी थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ में तैनात आरक्षक राहुल रघुवंशी एवं पायलेट महेश मीणा ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर जानकारी मिली कि पैदल जा रही दो महिलाओं को एक मोटरसाइकिल सवार ने टक्कर मार दी थी, जिससे दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। डायल-112 जवानों ने तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दोनों घायल महिलाओं को तत्काल एफआरव्ही वाहन की सहायता से शासकीय हॉस्पिटल मारकी मऊ पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
डायल-112 जवानों की इस त्वरित कार्यवाही से सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को समय रहते चिकित्सा सहायता मिल सकी। गुना पुलिस की डायल-112 टीम द्वारा आपात परिस्थितियों में इसी प्रकार तत्परता, संवेदनशीलता एवं सेवाभाव के साथ आमजन की सहायता लगातार की जा रही है।
