केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया के कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर-एसपी ने किए विभिन्न स्थलों का निरीक्षण
प्रताप छात्रावास से टेकरी मंदिर तक तैयारियों का लिया जायजा, स्वच्छता-यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर
गुना,
आगामी सप्ताह केंद्रीय दूरसंचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रस्तावित कार्यक्रम तथा टेकरी मंदिर पर आयोजित होने वाले बड़े दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने शनिवार को विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, यातायात, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल ने सबसे पहले प्रताप छात्रावास, शुभविदाई गार्डन, तात्या टोपे विश्वविद्यालय, पीएम आवास जगनपुर सहित अन्य प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल के परिसर में स्वच्छता व्यवस्था, आवागमन के मार्ग, यातायात प्रबंधन एवं वाहनों की पार्किंग के लिए उपलब्ध स्थानों का अवलोकन किया। अधिकारियों को व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुचारू रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
दीपोत्सव की तैयारियों के लिए टेकरी मंदिर पहुंचे
इसके बाद कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने टेकरी मंदिर पहुंचकर आगामी दीपोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। टेकरी मंदिर परिसर में बड़े स्तर पर आयोजित होने वाले दीपोत्सव को लेकर उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, वाहनों की पार्किंग, आवागमन तथा भीड़ प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
