*नशे के विरूद्ध अभियान के तहत गुना पुलिस की बड़ी सफलता, स्मैक की बड़ी खेप पर कड़ा प्रहार*
चांचौड़ा थाना पुलिस की सुनियोजित, सतर्क एवं प्रभावी कार्यवाही से लोगों को स्मैक उपलब्ध कराने का प्रयास विफल
*स्मैक तस्करी करते नशा तस्कर गिरफ्तार, पूछताछ में सामने आये स्पलायर पर भी कार्यवाही, तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की जांच जारी*
*257.5 ग्राम स्मैक एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 26 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जप्त*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी एवं इनके कारोबार से जुड़े व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखते हुए निरंतर सख्त एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया और उनकी टीम द्वारा नशा तस्करी के विरूद्ध सतर्कता एवं सुनियोजित कार्यवाही कर बड़ी खेप में मादक पदार्थ स्मैक तस्करी करते हुए तस्कर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की गई है । पूछताछ में सामने आये स्मैक स्पलायर पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है ।
उल्लेखनीय है कि गत दिनांक 05 सितंबर 2026 की रात्रि में चांचौड़ा थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक हीरो एचएफ डीलक्स मोटर साइकिल, जिसकी नंबर प्लेट पर MP08 MR 65 अंकित है, दो अंक मिटे हुए हैं से मृगवास की ओर से चांचौड़ा तरफ भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ स्मैक लेकर आ रहा है । थाना क्षेत्र में स्मैक तस्करी की सूचना को गंभीरता से लेते हुए चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा तत्काल रणनीति तैयार कर तस्कर की धरपकड़ हेतु पुलिस की एक टीम रवाना हुई । पुलिस टीम बिना कोई समय गवांए तुरंत चांचौड़ा-मृगवास रोड़ पर चौड़ारेश्वर मंदिर तिराहे पहुंची और सुनियोजित तरीके से नाकाबंदी कर संदिग्ध के आने का इंतजार किया । कुछ ही देर बाद मृगवास तरफ से मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिया अनुसार मोटरसाइकिल सबार युवक आते दिखाई दिया । उसने पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया, किंतु सतर्क पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया । पूछताछ में उसके द्वारा अपना नाम रंजीत पुत्र रघुवीर मीना उम्र 21 साल निवासी ग्राम रानीखेजड़ा थाना चांचौड़ा जिला गुना का बताया गया । मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा संदेही की विधिवत तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 257.5 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई । आरोपी के कब्जे से बरामद स्मैक अनुमानित कीमत लगभग 25,50,000/-रूपये (पच्चीच लाख पचास हजार रुपये) तथा घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल की अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये है । इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल तकरीबन 26 लाख रूपये मूल्य का मशरूका विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया ।
आरोपी से बरामद स्मैक के संबंध में प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि मृगवास में उसे उसके ही गांव का मोहन पुत्र शांतिलाल साहू निवासी ग्राम रानीखेजड़ा मिला था, जिससे वह उक्त स्मैक खरीदकर लेकर आया है । पूछताछ में सामने आई इस महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस ने स्मैक के विक्रेता मोहन साहू को भी प्रकरण में आरोपी शुमार करते हुए दोंनो आरोपियों के विरूद्ध चांचौड़ा थाने में अप.क्र. 297/26 धारा 8/21, 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई । पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ एवं विवेचना के माध्यम से स्मैक की सप्लाई के स्त्रोत, तस्करी के अन्य माध्यमों तथा इससे जुड़े संभावित नेटवर्क की कड़ियों के संबंध में भी विस्तृत जांच की जा रही है ।
नशे के विरूद्ध चांचौड़ा थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया, बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, सउनि अरूणप्रताप भदौरिया, सउनि राकेश भील, प्रधान आरक्षक अशोक वारिया, प्रधान आरक्षक अंकेश मौर्य, प्रधान आरक्षक विष्णु गुर्जर, आरक्षक रोहित भदौरिया, आरक्षक अमित राजावत, आरक्षक नवदीप शर्मा, आरक्षक जसरथ कुशवाह, आरक्षक देवेश धाकड़ एवं आरक्षक राजेश केवट का विशेष योगदान रहा है ।
गुना पुलिस की इस बड़ी कार्यवाही से स्पष्ट है कि जिले में युवाओं एवं आमजन तक नशीले पदार्थ पहुंचाने वाले तस्करों और उनके सप्लायरों के विरुद्ध पुलिस की कार्यवाही केवल तस्कर की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे की खेप के स्रोत और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास लगातार जारी है ।
गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा । नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी एवं इनके नेटवर्क के विरुद्ध कठोर और प्रभावी कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी ।
