*गुना पुलिस का सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग हेतु विशेष जनजागरूकता अभियान*
बजरंगगढ़ पुलिस ने स्कूली छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
*“सुरक्षित यातायात—सुरक्षित जीवन” का दिया संदेश, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग सहित सड़क सुरक्षा नियमों की दी जानकारी*
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमति हितिका वासल के दिशा निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में दिनांक 28 सितंबर 2026 से 08 अक्टूबर 2026 तक सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग हेतु 10 दिवसीय विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है । अभियान का उद्देश्य आमजन एवं विशेष रूप से युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना है ।
अभियान के तहत आज दिनांक 28 सितंबर 2026 को बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार द्वारा अपने स्टाफ के साथ थाना क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरखेड़ा गिर्द पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई एवं विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया । जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को समझाया गया कि -
· वाहन निर्धारित एवं सुरक्षित गति से ही चलाएं तथा तेज गति से वाहन न चलाएं ।
· दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें ।
· नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें ।
· वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें ।
· शराब अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं ।
· वाहन को गलत दिशा/रॉन्ग साइड में न चलाएं ।
· क्षमता से अधिक ओवरलोडिंग न करें ।
· वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस सहित आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें ।
· बिना फिटनेस एवं परमिट के वाहन का संचालन न करें ।
पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार चालानी कार्यवाही की जा सकती है ।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी द्वारा छात्र-छात्राओं को राहगीर योजना एवं हिट एंड रन प्रतिकर योजना के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई तथा सड़क दुर्घटना की स्थिति में जागरूक नागरिक के रूप में आवश्यक सहयोग करने एवं पीड़ित की सहायता के महत्व को समझाया गया ।
गुना पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान के माध्यम से निरंतर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और प्रत्येक नागरिक की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनाई जा सके ।
