गुना जिले में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर हुए कार्यक्रम
गुना
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर गुना जिले में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के मार्गदर्शन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिले के विद्यालयों एवं सामाजिक चेतना केन्द्रों में साक्षरता शपथ दिलाई गई तथा साक्षरता के प्रति जनजागरण के उद्देश्य से प्रेरणादायक रैलियाँ निकाली गईं।
जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्री आशीष तिवारी ने बताया कि जिले के पांचों विकासखंड आरोन, चांचौड़ा, राघौगढ़, बमोरी एवं गुना में शेष रहे असाक्षरों की पहचान कर उन्हें नवसाक्षर बनाने के उद्देश्य से विशेष कार्यशालाओं, साक्षरता रैलियों एवं बैठकों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर शासकीय माध्यमिक विद्यालय मानस भवन, गुना, विद्यांचल पब्लिक स्कूल, कालापाठा (गुना), शासकीय माध्यमिक विद्यालय बजरंगगढ़, शासकीय माध्यमिक विद्यालय मोहनपुर (चांचौड़ा), शासकीय माध्यमिक विद्यालय इमलिया (बमोरी), एकीकृत माध्यमिक विद्यालय देहरीकलां (आरोन), शासकीय माध्यमिक विद्यालय पिपरोदा मैना (आरोन) तथा एकीकृत माध्यमिक विद्यालय खेराई (राघौगढ़) सहित अनेक संस्थानों में साक्षरता रैलियों का प्रभावी आयोजन किया गया।
रैलियों के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने शिक्षा के महत्व का संदेश देते हुए सभी नागरिकों को साक्षर बनने तथा दूसरों को भी साक्षर बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम को जन-जन तक पहुँचाना रहा।
