नशे के अवैध कारोबारियों पर गुना पुलिस का सख्त शिकंजा
*कुख्यात स्मैक तस्कर मदनमोहन मीना निवासी ग्राम निवेरी के विरुद्ध PIT NDPS Act के तहत निर्णायक कार्यवाही*
*ग्वालियर संभागायुक्त ने आरोपी को 03 माह के लिए किया निर्वासित, फतेहगढ थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल सागर पहुंचाया*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के संग्रहण, परिवहन, तस्करी एवं विक्रय में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध लगातार कठोर वैधानिक कार्यवाही करते हुए नशे के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया जा रहा है । इसी क्रम में गुना पुलिस द्वारा कुख्यात समैक तस्कर मदनमोहन मीना निवासी ग्राम निवेरी के विरुद्ध के विरुद्ध PIT NDPS Act के तहत बडी और निर्णायक कार्यवाही की गई है ।
उल्लेखनीय है कि कुख्यात स्मैक तस्कर एवं आदतन बदमाश मदनमोहन पुत्र कन्हैयालाल मीना निवासी ग्राम निवेरी थाना फतेहगढ लंबे समय से अवैध मादक पदार्थ के संग्रहण, परिवहन एवं तस्करी के संगठित नेटवर्क से जुड़ा हुआ था । आरोपी के विरुद्ध थाना फतेहगढ, कैंट, देहात शिवपुरी में एनडीपीएस एक्ट के कुल 05 अपराध दर्ज हैं, जिनमें कई प्रकरण वर्तमान में न्यायालयों में विचाराधीन हैं । तथा इनके अतिरिक्त थाना फतेहगढ, कैंट, धरनावदा, जीआरपी गुना, अशोकनगर कोतवाली आदि में चोरी, धोखाधडी, छेडछाड, आबकारी एक्ट, मारपीट, अपहरण आदि धाराओं के कुल 13 अपराध दर्ज हैं, जो कि उसकी लगातार आपराधिक प्रवृत्ति को दर्शाते हैं ।
आरोपी मदनमोहन मीना अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में निरंतर सक्रिय है तथा जो अपने साथियों के साथ संगठित रूप से इस अवैध कारोबार का संचालन कर रहा था । उसकी गतिविधियां केवल गुना जिले तक सीमित न रहकर अन्य जिलों एवं सीमावर्ती राज्यों तक फैली हुई थीं । आरोपी की निरंतर आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय एवं असुरक्षा का वातावरण निर्मित हो रहा था तथा विशेष रूप से युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने जैसी गंभीर परिस्थितियां उत्पन्न हो रही थीं ।
आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के उद्देश्य से गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा उसका स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम, 1988 (PIT NDPS Act) के अंतर्गत प्रकरण तैयार कर जिला दण्डाधिकारी श्री किशोर कुमार कन्याल के अनुमोदन उपरांत ग्वालियर संभागायुक्त श्री मनोज खत्री के समक्ष प्रतिवेदन प्रेषित किया गया । आयुक्त ग्वालियर संभाग द्वारा उपलब्ध अभिलेखों, आरोपी के आपराधिक इतिहास एवं पुलिस प्रतिवेदन का परीक्षण करने के उपरांत प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रख आरोपी के विरुद्ध PIT NDPS Act के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए दिनांक 31 अगस्त 2026 को आरोपी को तीन माह के लिए ग्वालियर संभाग से निर्वासित कर केन्द्रीय जेल सागर में निरोधादेश जारी किया गया । आरोपी के वर्तमान में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में जिला जेल गुना में निरुद्ध होने से आदेश के अनुक्रम में फतेहगढ थाना पुलिस द्वारा आरोपी मदनमोहन पुत्र कन्हैयालाल मीना निवासी ग्राम निवेरी थाना फतेहगढ की जिला जेल गुना में गिरफ्तारी की विधिवत कार्यवाही की गई एवं आरोपी को केंद्रीय जेल सागर दाखिल कराया गया । गुना पुलिस की यह कार्यवाही जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी रणनीति एवं सख्त कार्यवाही का महत्वपूर्ण उदाहरण है ।
गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी अपराधी को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा । जनजागरूकता और कठोर वैधानिक कार्यवाही के समन्वित प्रयासों के माध्यम से गुना पुलिस नशामुक्त, सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है ।
