चाचौड़ा बायपास की बदहाली के विरोध में सद्बुद्धि यज्ञ, गड्ढों में लगाए पौधे
चाचौड़ा-बीनागंज। चाचौड़ा-बीनागंज नगर की विभिन्न जनसमस्याओं एवं लंबे समय से जर्जर पड़े चाचौड़ा बायपास की सड़क को लेकर शनिवार को चाचौड़ा बायपास पर शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक जनहित कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सद्बुद्धि यज्ञ कर नगर परिषद एवं जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बायपास पर बने गड्ढों में पौधे लगाकर शासन-प्रशासन को यह संदेश दिया गया कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और अब इसके स्थायी समाधान की आवश्यकता है।
पूर्व युवक कांग्रेस प्रदेश महासचिव सौरभ यादव ने कहा कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों और आम नागरिकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सौरभ यादव ने बताया कि चाचौड़ा-बीनागंज नगर की जनसमस्याओं एवं बायपास की जर्जर सड़क को लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन दिए जाने के सात दिवस पूर्ण होने के बावजूद सड़क की समस्या के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई नहीं होने पर यह सांकेतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ संजय मीना ने कहा कि “हमें आश्वासन नहीं, समस्या का समाधान चाहिए। बायपास की सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।”
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं साथियों ने नगर की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।पूर्व शहर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि यह कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं जनहित में था और इसका उद्देश्य प्रशासन एवं नगर परिषद का ध्यान जनसमस्याओं की ओर आकर्षित करना है।
कार्यक्रम में नारायण सिंह भील बिंदल,सुंदर माली,देवेन्द्र पटोदी,राजेन्द्र खादीवाला,रोहित मीना,गुलाब माली,रणजीत सोलंकी,रिंकूराम जी,मनोज राठौर,गोविंद लोधा,स्वप्निल श्रीमाल,रानू मीना,प्रवेश,रामस्वरूप मेर ,हुकुम माली,संदीप शर्मा,छोटू पठान,सलीम ख़ान सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे
