Gen Z एवं Gen Alfa छात्रों की समस्याओं और समाधान पर SFI का कन्वेंशन आयोजित
20 सितंबर को जिले भर के Gen Z एवं Gen Alfa छात्र पहुंचेंगे जिला मुख्यालय
गुना । शिक्षक दिवस समारोह के अवसर पर स्टूडेंट फैडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) द्वारा गुना में “Gen Z, Gen Alfa छात्रों की समस्याएं और समाधान” विषय पर छात्र कन्वेंशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस पेट्रोल पंप के पास, हनुमान चौराहा, गुना में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने वर्तमान समय में Gen Z एवं Gen Alfa विद्यार्थियों के सामने आ रही विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक एवं रोजगार संबंधी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि बदलते डिजिटल दौर में विद्यार्थियों के सामने शिक्षा की गुणवत्ता, बढ़ती शैक्षणिक लागत, रोजगार के अवसर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, तकनीक एवं सोशल मीडिया के प्रभाव सहित अनेक नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थियों की भागीदारी और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता आवश्यक है।
कन्वेंशन में मुख्य अतिथि प्रांत उपाध्यक्ष दीपक पासवान (भोपाल) ने वक्ता के रूप में अपने विचार रखे व डॉ. पुष्पराग, एडवोकेट ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। वहीं वरिष्ठ अतिथि संदीप जोशी ने छात्रों की समस्याओं पर चिंता जाहिर की। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा के अधिकार, सामाजिक जिम्मेदारियों तथा अपने भविष्य को लेकर जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं ने शिक्षा और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की तथा वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधारों को लेकर अपने विचार भी रखे साथ ही कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को सामने लाने तथा उनके समाधान के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों ने सहभागिता की।
इस दौरान हुकुमसिंह भील, प्रवेश टांक, विवेक अहिरवार ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि लोगों के जाति प्रमाण पत्र नहीं बन रहे है जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पालिका बाजार में हाई सेकेंडरी की छत गिर जाने से छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है। गनीमत रही की जिस दिन स्कूल की छत गिरी उस दिन स्कूल की छुट्टी थी नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था कई लोगों की जान जा सकती थी। पालिका बाजार में अस्पताल नहीं है जिस कारण मरीजों को उपचार कराने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है व उपचार के लिए राघौगढ़ या रूठीयाई जाना पड़ता है । ग्राम करोंदिया के रवि भील ने बताया की गाँव में कक्षा 8वीं तक स्कूल नहीं है जिस कारण कई बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे है। बच्चियां तो गांव से दूर स्कूल होने के कारण पढ़ाई छोड़ रही है और आगे की शिक्षा ग्रहण नहीं कर पा रही। बरैयाखेड़ा के रंजीत भील ने बताया की उनके गाँव में 8 वीं के बाद कक्षा 10 वीं व कक्षा 12वीं तक स्कूल नहीं है जिस कारण गांव के बच्चे आगे की शिक्षा नहीं ले पा रहे। बर्री के अमित ने बताया की उनके गांव में भी कक्षा 8वीं तक पढ़ाई करने के बाद बच्चे पढ़ाई छोड़ने मजबूर है। 10वीं 12वीं तक स्कूल न होने के कारण बच्चे आगे की पढ़ाई नहीं कर पा रहे। गुना के चौरसिया कॉलोनी के प्रेम अहीरवार ने बताया कि उनकी कॉलोनी में रास्ता नहीं बना है बारिश के समय भारी कीचड़ होने से बच्चें पढ़ाई करने नहीं जा पाते जिससे बच्चों की पढ़ाई रुक रही है। महादेवपुर के दुर्गेश ने बताया कि उनके गाँव में 10वीं तक स्कूल नहीं है जिससे सैंकड़ो बच्चों की पढ़ाई छूट रही है। बलरामपुर के युवाओं ने बताया कि सैंकड़ो छात्राएं पढ़ाई के लिए स्कूल न होने के कारण दूर गांव से पढ़ने आती है छात्रावास न होने के कारण कई छात्राएं दूर गांव से नहीं आ पाती जिससे छात्राओं की पढ़ाई छूट रही है। केरगढ़ के नितेश ने उनके गांव की शिक्षा की स्तिथि बताते हुए शिक्षा में सुधार की आवश्यकता बताई, तेंदोनी के रोशन ने बताया कि उनके गांव में शिक्षक समय पर विधालय नहीं आते, एक दो दिन छोड़कर स्कूल खोलते है जिस कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
इस अवसर पर जिला संयोजक मंडल का गठन किया गया जिसमे संदीप धाकड़ को जिला संयोजक, चंदन बीलरवान को प्रेस मीडिया प्रभारी, सार्थक भारद्वाज, प्रेम अहिरवार को आईटी सेल, धर्मेंद्र पटेलिया, प्रवेश टांक, विवेक अहिरवार, हुकुमसिंह, रवि भील, रंजीत भील, अमित भील, दुर्गेश भील, नीलेश भील, रोशन भील, मनीष अहिरवार, रोहित भील को संयोजक मंडल में शामिल किया गया है। व आगामी 20 सितंबर को जिले भर के Gen Z एवं Gen Alfa छात्र अपने अपने क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचेंगें यह तय किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रांत उपाध्यक्ष दीपक पासवान, वक्ता पुष्पराग शर्मा (एडवोकेट), वरिष्ठ अतिथि संदीप जोशी, रोहित भील, रवि भील, रणजीत भील, अमित भील, प्रवेश टांक, बबलू अहीरवार, नैतिक लोहट, आदित्य धाकड़, प्रेम अहिरवार, दुर्गेश भील, मनीष अहीरवार, हुकुम अहिरवार, विवेक अहिरवार, ब्रजेश चंदेल, धर्मेंद्र पटेलिया, नितेश भील, रोशन भील, घनश्याम बीलरवान, सार्थक भारद्वाज, संदीप धाकड़ सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
