हर आपदा मित्र तैयार करे 10 नए आपदा मित्र, जिले में 650 आपदा मित्रों की युवा शक्ति तैयार
आपदा के समय ‘प्रेजेंस ऑफ माइंड’ और शांत दिमाग से बचाई जा सकती है जिंदगी - कलेक्टर
गुना
युवा आपदा मित्र योजना के तहत आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण में 175 आपदा मित्र को आपदा प्रबंधन, अग्निशमन, CPR, प्राथमिक उपचार, रस्सियों एवं गांठों के उपयोग तथा विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि जिले में अब तक 650 आपदा मित्र तैयार किए जा चुके हैं। उन्होंने प्रत्येक आपदा मित्र से अपने साथ 10 अन्य लोगों को आपदा मित्र के रूप में तैयार करने का आह्वान किया, ताकि आपदा के समय अधिक से अधिक प्रशिक्षित युवा तत्काल सहायता के लिए उपलब्ध रहें।
आपदा के समय शांत दिमाग और ‘प्रेजेंस ऑफ माइंड’ जरूरी
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि आपदा के समय सबसे महत्वपूर्ण बात ‘प्रेजेंस ऑफ माइंड’ है। इसका अर्थ है कि व्यक्ति का मन और दिमाग वर्तमान परिस्थिति में रहे और शांत रहे। ऐसी स्थिति में सकारात्मक सोच के साथ समस्या का समाधान निकालने की क्षमता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि आपदा मित्रों को दी जा रही ट्रेनिंग के माध्यम से जिले की युवा शक्ति तैयार हो रही है और अब इसे और आगे बढ़ाने का समय है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखें, बल्कि समय-समय पर उनका रिमाइंडर लेते रहें और प्रैक्टिस करते रहें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की ट्रेनिंग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाती है तथा पुलिस एवं सेना जैसी सेवाओं में भी उपयोगी साबित हो सकती है।
सात दिन में आपदा प्रबंधन की बारीकियां सीखीं
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री आरके पथरोल ने बताया कि सात दिवसीय प्रशिक्षण में आपदा मित्रों को आग लगने के कारण, आग बुझाने के तरीके और अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी गई। इसके साथ ही किसी व्यक्ति के बेहोश मिलने की स्थिति में CPR कब और कैसे देना है, प्राथमिक उपचार कैसे करना है तथा आपातकालीन परिस्थितियों में किस प्रकार कार्य करना है, इसका प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि आपदा मित्रों को विभिन्न प्रकार की रस्सियों, उनके उपयोग तथा अलग-अलग प्रकार की गांठें लगाने का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके अलावा भूकंप, सुनामी सहित विभिन्न आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों और बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। इस बैच में कुल 175 स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रैक्टिकल प्रशिक्षण से बढ़ा आत्मविश्वास
प्रशिक्षणार्थी श्री गौरव सिक्का ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण के दौरान आग से बचाव और विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के उपयोग की जानकारी मिली। इसके साथ ही सर्पदंश की स्थिति में सांप की पहचान, जहरीले एवं गैर-जहरीले सांपों की जानकारी तथा सर्पदंश के बाद आवश्यक उपचार के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षणार्थी सुश्री संघमित्रा भारती ने बताया कि किसी बड़ी आपदा के समय स्वयं पर नियंत्रण रखते हुए परिस्थितियों के अनुसार कार्य करना इस प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में प्रैक्टिकल अभ्यास कराया गया, जिससे आत्मविश्वास बढ़ा और अब ऐसी परिस्थितियों में किसी व्यक्ति की जान बचाने के लिए बेहतर तरीके से कार्य करने का भरोसा है।
आपदा मित्रों को प्रशस्ति पत्र और किट प्रदान
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले आपदा मित्रों को प्रशस्ति पत्र एवं किट प्रदान की गई।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री आरके पथरोल, कंपनी कमांडर होमगार्ड गुना श्री मनोज भदौरिया, पीजी कॉलेज प्राचार्य श्रीमती सुमनलता श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में आपदा मित्र उपस्थित रहे।
