गुना जिले में 1015 किशोर-किशोरियों को मिला स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के अंतर्गत सक्षम साथिया–सशक्त समुदाय गतिविधि के तहत जिले के 6 विद्यालयों में किशोर स्वास्थ्य दिवस का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से लगभग 1015 किशोर-किशोरियां लाभान्वित हुए। कार्यक्रम हायर सेकेंडरी स्कूल म्याना, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरोन, शासकीय मॉडल स्कूल आरोन, मॉडल हायर स्कूल बमौरी, कस्तूरबा गांधी छात्रावास बीनागंज एवं शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय राघौगढ़ में आयोजित किया गया।
इस दौरान किशोर-किशोरियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, एनीमिया एवं हीमोग्लोबिन जांच, मुख एवं दृष्टि परीक्षण, रक्तचाप, वजन एवं लंबाई का आकलन तथा मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई। साथ ही पोषण, स्वच्छता, नशे के दुष्प्रभाव, मानसिक स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में परामर्श दिया गया। मनहित ऐप, जस्ट आस्क, टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के मेडिकल ऑफिसर, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग अधिकारी, RKSK के परामर्शदाता एवं प्रशिक्षकों ने सहभागिता की। विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा नामांकित हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडर शिक्षकों ने गतिविधियों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
