Type Here to Get Search Results !

मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास शिविर में मानसिक रूप से अस्वस्थ बालक को दी तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता, सीएमएचओ को स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश

 


मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास शिविर में मानसिक रूप से अस्वस्थ बालक को दी तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता, सीएमएचओ को स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश


जल संरक्षण के लिए विधायक श्री शाक्य ने की अपील, मातृ-शिशु मृत्यु रोकने वाली पंचायत को एक लाख रुपये का मिलेगा पुरस्कार 


गुना 

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड आरोन की ग्राम पंचायत खजूरी स्थित सामुदायिक भवन में जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक श्री पन्नालाल शाक्य एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मानसिक रूप से अस्वस्थ बालक के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के लिए 10 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता रेडक्रॉस के माध्यम से स्वीकृत की गई। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए।

मानसिक रूप से अस्वस्थ बालक के लिए तत्काल आर्थिक सहायता

शिविर में रामवीर नाथ ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनका पुत्र मानसिक रूप से अस्वस्थ है। इस पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को बालक का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही बालक के लिए रेडक्रॉस के माध्यम से तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर दी योजनाओं की जानकारी

शिविर में राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, खाद्य सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। नामांतरण, बंटवारा, बटांकन, किसान कल्याण योजनाओं, विभिन्न प्रमाण-पत्रों, पात्रता पर्ची एवं आयुष्मान कार्ड सहित अन्य सेवाओं से संबंधित आवेदनों पर कार्यवाही की गई।

खेतों में सोखता गड्ढे बनाकर करें जल संरक्षण : विधायक श्री शाक्य

विधायक श्री पन्नालाल शाक्य ने ग्रामीणों से जल संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि पानी की समस्या के समाधान के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने खेत में सोखता गड्ढा बनाना चाहिए। इससे वर्षा जल को जमीन में पहुंचाने और जल संरक्षण में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक किसान इस दिशा में पहल करे, तो पानी की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। उन्होंने कहा कि विकास धीरे-धीरे होता है। पहले क्षेत्र में सड़कों की कमी थी, लेकिन अब सड़क सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है और कम समय में गुना से आरोन पहुंचना संभव हो गया है। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए अपने खेतों में सोखता गड्ढे बनाने का आग्रह किया। उन्होंने शिविर में पात्र हितग्राहियों को तत्काल आर्थिक सहायता मिलने का भी उल्लेख किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विधायक श्री शाक्य ने कहा कि “बरगद एक लगाइए, पीपल लगाइए पाँच, घर-घर नीम लगाइए, यही पुरातन साँच।”

मातृ-शिशु मृत्यु रोकने वाली पंचायत को मिलेगा एक लाख रुपये का पुरस्कार

शिविर में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 1 जनवरी 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक निर्धारित स्वास्थ्य मानकों को पूरा करने वाली पंचायत को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित विकासखंड को 50 हजार रुपये तथा जिले को भी 50 हजार रुपये की राशि दिए जाने का प्रावधान बताया। उन्होंने जानकारी दी कि। निर्धारित अवधि में शून्य मातृ मृत्यु, पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की शून्य मृत्यु तथा खसरा-रूबेला के शून्य प्रकरण दर्ज करने वाली पात्र ग्राम पंचायतों को राज्य स्तर पर प्रमाण-पत्र के साथ एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि 26 जनवरी 2027 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

स्वामित्व योजना के तहत 18 हजार से अधिक किसानों की रजिस्ट्री

कलेक्टर श्री कन्याल ने स्वामित्व योजना की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अब तक लगभग 18 हजार किसानों की रजिस्ट्री हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पटवारी घर-घर जाकर शिविरों के माध्यम से योजना की प्रक्रिया पूरी करा रहे हैं। योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके लिए उन्हें कोई शुल्क नहीं देना है। रजिस्ट्री के माध्यम से संपत्ति संबंधी दस्तावेज प्राप्त होने पर हितग्राही नियमानुसार ऋण लेने सहित अन्य आर्थिक गतिविधियों के लिए उनका उपयोग कर सकते हैं।

शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। श्रम विभाग की संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह सहायता के 04 हितग्राहियों को 02-02 लाख रुपये तथा 01 हितग्राही को 04 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर वितरित की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को बैंक ऋण वितरित किया गया, जिसमें ग्राम देहरीखुर्द के संकट मोचन समूह को 05 लाख रुपये तथा राधा समूह को 03 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।

पशुपालन विभाग के अंतर्गत पशुपालन किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 03 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत 02 हितग्राहियों को लाभ दिया गया। राजस्व विभाग के अंतर्गत फौती नामांतरण, फार्मर आईडी सहित अन्य योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए। सामाजिक न्याय विभाग की इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 04 हितग्राहियों की पेंशन स्वीकृत की गई। इसके अतिरिक्त शिविर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हांकन भी किया गया।

उद्योग संवाद में उद्यमियों की समस्याएं सुनीं

शिविर के दौरान स्वरोजगार एवं स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के इच्छुक हितग्राहियों तथा उद्यमियों से भी संवाद किया गया। उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेकर शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से ऋण प्राप्त करने तथा व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक दुबे, प्रभारी एसडीएम आरोन श्री देवांशु शिवहरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.