गुना में प्रतिबंधित कार्बाइड गन के विरुद्ध प्रशासन की सख्त कार्रवाई, 4 दुकानों से लगभग 280 गन जब्त
कार्बाइड गन बनाने के उपकरण जब्त, संबंधित दुकान सील; पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई
गुना। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशों के परिपालन में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा शहर में प्रतिबंधित कार्बाइड गन के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान गुना शहर की चार दुकानों से लगभग 280 प्रतिबंधित कार्बाइड गन बरामद की गईं। एक दुकान से कार्बाइड गन बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए तथा संबंधित दुकान को अग्रिम कार्रवाई होने तक सील किया गया। जब्त सामग्री को थाना कोतवाली की अभिरक्षा में रखा गया है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
प्राप्त सूचना के आधार पर तहसीलदार श्री मयंक तिवारी एवं थाना कोतवाली प्रभारी श्री रामसेवक शर्मा के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। कस्बा गुना स्थित फेवरेट वेल्डिंग की दुकान से प्रतिबंधित स्टीलनुमा कार्बाइड गन तथा उन्हें बनाने के उपकरण बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त जाट मोहल्ला स्थित दो दुकानों और सकतपुर रोड स्थित एक दुकान से भी प्रतिबंधित कार्बाइड गन बरामद की गईं।
प्रतिबंधित सामग्री पर प्रशासन की सख्ती
कार्रवाई के दौरान बरामद कार्बाइड गन एवं निर्माण उपकरणों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित सामग्री के संबंध में प्राप्त सूचनाओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार श्री मयंक तिवारी, थाना कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा, राजस्व निरीक्षक श्री कुलदीप गुप्ता सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
