*गुना पुलिस की अवैध पोटाश गन निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही*
*चांचौड़ा थाना पुलिस ने वेल्डिंग दुकान से 04 पोटाश गन जप्त कर विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण किया पंजीबद्ध
जिले में आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुना पुलिस द्वारा अवैध एवं असुरक्षित उपकरणों के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय, वितरण तथा उपयोग के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है । जिला प्रशासन द्वारा इस संबंध में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं । गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए इस प्रकार की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है ।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन, एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण एवं चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी और उनकी टीम द्वारा अवैध पोटाश गन निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक वेल्डिंग दुकान से लोहे की बनी 04 पोटाश गन जप्त कर दुकान संचालक के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है ।
दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को बीनागंज चौकी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि बीनागंज के निचला बाजार स्थित श्रीकल्याण वेल्डिंग नामक दुकान पर पोटाश गन का अवैध निर्माण एवं विक्रय किया जा रहा है । सूचना की गंभीरता को देखते हुए बीनागंज चौकी से तत्काल पुलिस की टीम उक्त दुकान पर पहुंची और दुकान की जांच की । पूछताछ के दौरान दुकान संचालक ने अपना नाम श्रीलाल पुत्र बंशीलाल विश्वकर्मा उम्र 69 साल निवासी निचला बाजार बीनागंज का बताया । दुकान की जांच करने पर वहां लोहे की बनी 04 पोटाश गन मिलीं । इनके निर्माण एवं विक्रय के संबंध में वैध लाइसेंस प्रस्तुत करने के लिए कहे जाने पर दुकान संचालक कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका । जिससे दुकान संचालक का यह कृत्य विस्फोटक अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर पुलिस ने चारों पोटाश गन विधिवत जप्त कर आरोपी श्रीलाल विश्वकर्मा के विरूद्ध चांचौड़ा थाने में अप.क्र. 380/26, विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई ।
गुना पुलिस द्वारा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्यवाही की जा रही है । अवैध एवं असुरक्षित उपकरणों के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय तथा उपयोग से संबंधित गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है ।
चांचौड़ा थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, प्रधान आरक्षक सुनील रघुवंशी, आरक्षक शिवप्रताप तोमर, आरक्षक मोनू करारे, आरक्षक अजय समाधिया एवं आरक्षक नवदीप शर्मा की सराहनीय भूमिका रही है ।
