अवैध मदिरा परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 64 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त
मोटरसाइकिल सहित लगभग 75 हजार रुपये की सामग्री जब्त, आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं ग्वालियर संभाग के उपायुक्त श्री संदीप शर्मा के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को आबकारी वृत्त गुना-1 के प्रभारी श्री राधाकिशन अटारिया के नेतृत्व में आबकारी दल द्वारा कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से अवैध मदिरा का परिवहन कर रहे एक व्यक्ति को पकड़ा गया।
प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी दल ने हाईवे की ओर से आ रही मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। इस दौरान मोटरसाइकिल पर दो बड़े बोरों एवं एक झोले में पन्नी पाउच में भरी हाथ भट्टी मदिरा पाई गई। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम बृजलाल पुत्र परसराम पारदी, निवासी बिलाखेड़ी बताया। मौके पर कुल 92 पन्नी पाउच में लगभग 64 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई। मदिरा से तेज गंध आने के कारण परीक्षण हेतु नमूने लेकर एफएसएल ग्वालियर भेजने की कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग द्वारा आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 49(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में अवैध मदिरा एवं मोटरसाइकिल सहित जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई गई है।
उक्त कार्रवाई में आबकारी आरक्षक श्री अरुण कुमार शर्मा, श्री गोविंद सिंह मीणा एवं श्री कमल बरोदिया की सराहनीय भूमिका रही। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी है।
