ग्राम पंचायत भदौरा के शासकीय स्कूल में सेवा संकल्प अभियान के तहत त्रिवेणी रोपण, स्वच्छता एवं नशा मुक्ति का लिया संकल्प
गुना
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत भदौरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मध्य प्रदेश जनअभियान परिषद (ब्लॉक गुना) के विशेष सहयोग से पौधारोपण, स्वच्छता एवं नशा मुक्ति कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय परिसर में 'त्रिवेणी' (नीम, बरगद और पीपल) का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनअभियान परिषद की जिला समन्वयक मंजूषा सालोमन ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल हमारे आसपास के स्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे स्वस्थ जीवन और सोच की आधारशिला है।
ब्लॉक समन्वयक अमित गोयल ने पर्यावरण संरक्षण के विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य जहूर खान ने उपस्थित सभी लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए 'सेवा संकल्प अभियान' के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों, शिक्षकों, नवांकुर संस्था के सदस्यों एवं विद्यार्थियों को सामूहिक रूप से विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई।
