Type Here to Get Search Results !

अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 87 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त

 अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 87 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त

दो प्रकरण पंजीबद्ध, लगभग 26 हजार रुपये की सामग्री जब्त



गुना 


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं उपायुक्त, ग्वालियर संभाग श्री संदीप शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी श्री गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन में आज आबकारी वृत्त गुना-1 की टीम द्वारा सिंगवासा चक स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास कार्रवाई कर दो आरोपियों से कुल 87 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई।


आबकारी वृत्त गुना-1 के प्रभारी श्री राधाकिशन अटारिया को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति के पास से 75 पन्नी पाउच में लगभग 60 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम रूपसिंह पारदी पुत्र भानिया पारदी, निवासी माधोगढ़, जिला अशोकनगर बताया। इसी स्थान पर एक महिला के पास से 27 पन्नी पाउच में लगभग 27 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई। महिला ने अपना नाम जासम पत्नी भोला पारदी, निवासी सिंगवासा चक बताया।


जब्त मदिरा से तेज गंध आने के कारण उचित जांच के लिए नमूने लेकर एफएसएल ग्वालियर भेजने की कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 49(क) के तहत दो प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जब्त अवैध मदिरा की अनुमानित कीमत लगभग 26 हजार रुपये बताई गई है।


उक्त कार्रवाई में आबकारी आरक्षक श्री अरुण कुमार शर्मा, श्री गोविंद सिंह मीणा तथा महिला आरक्षक श्रीमती पूजा रघुवंशी एवं श्रीमती खुशबू रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.