कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों के लिए किसानों को करें जागरूक
रबी सीजन 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा, गुना में गुलाब एवं उद्यानिकी गतिविधियों पर हुई चर्चा
गुना
कृषि उत्पादन आयुक्त श्री के.सी. गुप्ता ने ग्वालियर एवं चंबल संभाग के जिलों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा करते हुए रबी सीजन 2026-27 की तैयारियों, उर्वरकों की उपलब्धता तथा कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने किसानों को कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान गुना जिले में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के नेतृत्व में गुलाब की खेती एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा हुई। जिले में उद्यानिकी गतिविधियों के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों को संतोषजनक बताया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों को बढ़ावा देने पर जोर
कृषि उत्पादन आयुक्त श्री गुप्ता ने निर्देश दिए कि कम वर्षा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए किसानों को फसल विविधीकरण, कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली फसलों एवं उन्नत किस्मों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके साथ ही ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई पद्धति तथा खेतों में नमी संरक्षण की तकनीकों के प्रति भी किसानों को जागरूक किया जाए, ताकि उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर कृषि उत्पादन बढ़ाया जा सके।
उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में रबी सीजन 2026-27 के लिए उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसानों को उनकी मांग के अनुरूप डीएपी, यूरिया, एनपीके एवं अन्य उर्वरक समय पर उपलब्ध कराए जाएं। निजी उर्वरक विक्रेताओं एवं सहकारी संस्थाओं के स्टॉक का नियमित सत्यापन करने तथा पीओएस मशीन में प्रदर्शित स्टॉक का भौतिक स्टॉक से मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं अधिक मूल्य पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई पर जोर दिया गया।
गुना में गुलाब एवं उद्यानिकी गतिविधियों पर हुई चर्चा
समीक्षा के दौरान गुना जिले में गुलाब की खेती सहित उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर चर्चा हुई। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के नेतृत्व में जिले में उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की गई। जिले में इस क्षेत्र के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों को संतोषजनक बताया गया। साथ ही किसानों को उद्यानिकी फसलों को अपनाने तथा कृषि के साथ आय बढ़ाने वाली अन्य गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के निर्देश
समीक्षा में कृषि के साथ पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन को किसानों की आय बढ़ाने के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया। पशुपालकों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने, दुग्ध संग्रहण समितियों को सक्रिय करने, नई समितियों के गठन तथा पशुधन की नस्ल सुधार के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मत्स्य पालन, बतख पालन एवं कुक्कुट पालन जैसी गतिविधियों से अधिक से अधिक हितग्राहियों को जोड़ने पर भी बल दिया गया।
ई-मंडी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर
बैठक में ई-मंडी व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कृषि उपज के विक्रय में पारदर्शिता बढ़ाने, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने तथा मंडी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान कृषि उत्पादन बढ़ाने, किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
