Type Here to Get Search Results !

पीढ़ी अंतराल से समाज में आई चुनौतियों को सामंजस्य से सुलझाएं मुनि श्रमण सागर जी

 राघौगढ़ में श्रमण धारा प्रवचन माला 

पीढ़ी अंतराल से समाज में आई चुनौतियों को सामंजस्य से सुलझाएं  मुनि श्रमण सागर जी 


 राघौगढ़ 7 अक्टूबर। इस सदी के महान संत दिगंबर जैन आचार्य गुरुवर विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य, महा तपस्वी औजस्वी वक्ता, बुंदेली महाकवि मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने "पीढ़ी अंतराल में सामंजस्य" विषय पर मंगल प्रवचन करते हुए कहा पुरानी पीढ़ी एवं नई पीढ़ी के बीच बढ़ रही समस्याओं को लेकर सामंजस्य स्थापित करना अति आवश्यक हो गया है। पीढ़ी अंतराल की समस्या सार्वभौमिक समस्या बन गई है। आपने कहा पहली पीढ़ी वह है जिनकी उम्र 80 वर्ष है। दूसरी पीढ़ी वह है जिनकी उम्र 60 वर्ष है। तीसरी पीढ़ी वह है जिनकी उम्र 40 वर्ष है। और चौथी पीढ़ी जिनकी उम्र 20 वर्ष है उन्हें जेन अल्फा के नाम से जानने लगे हैं। महाराज जी ने उदाहरण देते हुए कहा समाज में हर पीढ़ी में हर 20 वर्ष के बाद परिवर्तन हो रहा है। पुरानी पीढ़ी को नई पीढ़ी की आदतें से अच्छी नहीं लग रही है और नई पीढ़ी को पुरानी पीढ़ी की आदतें अच्छी नहीं लग रही हैं। नई पीढ़ी बुजुर्गों से यह कह रही  है। आपका जमाना गया अब जमाना आधुनिक आ गया है। नई पीढ़ी पुरानी पीढ़ी के बुजुर्गों से कहती है कि दकियानूसी आदतों को भूल जाओ। आपने कहा 80 वर्ष पूर्व बारात बैलगाड़ी में जाती थी। 60 वर्ष पूर्व बारात बस से जाने लगी। 40 वर्ष पूर्व बारात जीप, कारों से जाने लगी अब नई पीढ़ी में लड़के की बारात नहीं जाती है लड़की की बारात आती है। 80 वर्ष पूर्व विवाह योग्य लड़के के लिए लड़की देखने परिवार जन नाई को भेजते थे। 60 वर्ष पूर्व लड़की देखने परिजन जाने लगे। 40 वर्ष पूर्व लड़की देखने लड़का जाता था। अब अपना पति कैसा होगा इसका चयन स्वयं लड़की कर रही है। समाज में जन्म में अंतर के साथ-साथ विचारों खान-पान रहन-सहन कार्य व्यवहार सभी में परिवर्तन आ गया है। दादा जी को पोते की आदतें पसंद नहीं है। सास को बहू की, पिताजी को बेटे की, माता को बेटे की बेटी की आदतें पसंद नहीं है। इस स्थिति में पारिवारिक कलह रात दिन हो रही है। आपने कहा पुरानी पीढ़ी का खानपान मोटा खाओ मोटा पहनो था, इसके बाद दाल रोटी सब्जी खाने का चलन आया। इसके बाद इडली डोसा का चलन आया। अब बच्चे बूढ़े सब फास्ट फूड खा रहे  हैं। फास्ट फूड खाने से रात दिन कैंसर के मरीज बढ़ रहे हैं। पहले संयुक्त परिवार होता था एक परिवार में 30 से 40 सदस्य रहते थे। परिवार का रूप छोटा हुआ। फिर पति-पत्नी का सीमित परिवार हो गया। अब तो विवाह के पारिवारिक रिश्ते में भी सभी प्राचीन मर्यादायें समाप्त हो गई है वीकेंड शादी करते हैं मात्र शनिवार इतवार को दोनों पति-पत्नी साथ रहते हैं। आपने पुरानी पीढ़ी एवं नई पीढ़ी में अंतराल को समाप्त करने पारिवारिक सामजस्य बनाने के लिए कुछ सुझाव दिए महाराज जी ने कहा पुरानी पीढ़ी एवं नई पीढ़ी में तालमेल आवश्यक है। हमारी दृष्टि नई हो एवं पुरानी परंपराओं का भी सम्मान करें, उन्हें नजरअंदाज न करें। इच्छापूर्ति नए अंदाज में करें पुराना दृष्टिकोण भी साथ रखें। नई पीढ़ी के पहनावे में आए परिवर्तन पर आपने आव्हान किया शरीर पर वस्त्र ऐसे हो कि उन्हें पहनने के बाद अंग प्रदर्शन न हो। आपने आचार्य गुरुवर विद्यासागर जी महाराज के कथन का उल्लेख करते हुए कहा परिवार में बेटियां वह अमूल्य निधि हैं जिन्हें तिजोरी में रखना चाहिए। आपने यह भी कहा पुराने अनुभव एवं नए ज्ञान में तालमेल बिठाकर सांमन्जस्य स्थापित करें। तभी नई पीढ़ी एवं पुरानी पीढ़ी के बीच आए अंतराल को समाप्त किया जा सकेगा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.