Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर ने की पंचायत के नवाचार की सराहना, सड़क के नीचे बनाई अंडरग्राउंड नाली

 कलेक्टर ने की पंचायत के नवाचार की सराहना, सड़क के नीचे बनाई अंडरग्राउंड नाली

एक एकड़ में 900 से अधिक नींबू के पेड़ों से किसान को तीन लाख रुपये का शुद्ध लाभ,

 19 का पहाड़ा सुनाने वाले बच्चे को मिला 500 रुपये का पुरस्कार


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने विकासखंड राघौगढ़ के ग्राम लक्ष्मणपुरा में पंचायत भ्रमण के दौरान पंचायत द्वारा किए गए नवाचारों का अवलोकन किया तथा उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली। यहां सड़क के नीचे बनाई गई अंडरग्राउंड नाली से लगभग 25 परिवारों के घर के सामने से व्यवस्थित पानी निकासी की व्यवस्थित रूप से हो रही है। कलेक्टर ने पंचायत के कार्यों की सराहना करते हुए इसे आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करने की बात कही। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया तथा उन्नत कृषक श्री सुंदरसिंह के खेत का भ्रमण कर नींबू की खेती से हो रही आय की जानकारी भी ली।

अंडरग्राउंड नाली के नवाचार की सराहना

कलेक्टर श्री कन्याल ने पंचायत द्वारा बनाई गई अंडरग्राउंड नाली व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जिले में पहली बार उन्होंने सड़क के नीचे इस तरह की अंडरग्राउंड नाली देखी है। यह पंचायत द्वारा किए जा रहे नवाचारों का अच्छा उदाहरण है। उन्होंने ग्रामीणों से पंचायत के कार्यों के संबंध में चर्चा की तथा गांव को आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही।

टीबी मुक्त गांव बनाने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील

कलेक्टर ने ग्रामीणों से गांव को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी टीबी का मरीज उपचार से वंचित न रहे। उन्होंने घरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे गांव का वातावरण बेहतर और जीवंत बनता है। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, एक-दूसरे का सहयोग करने तथा अच्छे अवसरों को मिल-जुलकर मनाने की बात भी कही।

एक एकड़ में 900 से अधिक नींबू के पेड़, तीन लाख रुपये का शुद्ध लाभ

भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने उन्नत कृषक श्री सुंदरसिंह के खेत का भ्रमण किया। यहां किसान ने एक एकड़ क्षेत्र में 900 से अधिक नींबू के पेड़ लगाए हैं, जिनसे उन्हें लगभग तीन लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित हो रहा है। यह उदाहरण उद्यानिकी फसलों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं को दर्शाता है।

19 का पहाड़ा सुनाने पर बच्चे को मिला 500 रुपये का पुरस्कार

भ्रमण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे ने एक बच्चे से 19 का पहाड़ा सुनाने के लिए कहा। बच्चे ने बिना रुके एक बार में पूरा पहाड़ा सुना दिया। उसकी प्रतिभा और आत्मविश्वास से प्रभावित होकर श्री दुबे ने तत्काल उसे 500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया। साथ ही, अगली बार 30 तक के पहाड़े याद करके सुनाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान एसडीएम श्री अमित सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.