Type Here to Get Search Results !

कुम्भराज थाना क्षेत्र से नाबालिग दो बहनों के एकसाथ लापता होने के मामले पुलिस सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही

 *कुम्भराज थाना क्षेत्र से नाबालिग दो बहनों के एकसाथ लापता होने के मामले पुलिस सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही


*करीब एक माह से लापता दोंनो नाबालिगों को पुलिस ने गुजरात के बड़ोदरा से सुरक्षित दस्‍तयाब करने में पाई उल्‍लेखनीय सफलता*


*पुलिस की कार्यवाही की सराहना कर समाज जनों द्वारा कुम्भराज थाना पुलिस का किया सम्मान*



                गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में महिलाओं एवं नाबालिगों पर घटित अपराधों को गंभीरता से लेकर इस प्रकार के अपराधों में तत्‍परता से कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी तारतम्‍य में अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में जिले के कुम्भराज थाना प्रभारी निरीक्षक अमित अग्रवाल और उनकी टीम द्वारा अपने निरंतर और अथक प्रयासों से थाना क्षेत्र से गत माह से लापता दो नाबालिग बहनों को गुजरात के बड़ोदरा से सुरक्षित दस्‍तयाब करने में महत्‍वपूर्ण सफलता अर्जित की गई है ।


                उल्लेखनीय है कि दिनांक 15 सितंबर 2026 को जिले के कुम्भराज थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय एवं एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़कियों के एकसाथ अचानक घर से बिना बताये कहीं चले जाने पर उनके परिजनों की ओर से उसी दिन कुम्भराज थाने पर उनके गुम होने संबंधी सूचना दी गई थी । जिस पर से पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 168/26 धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अपहृत बालिकाओं की तलाश शुरू की गई ।


               पुलिस द्वारा अपहृत बालिकाओं की तलाश हेतु अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया, साथ ही विभिन्न तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए नाबालिगों की सघन खोजबीन की गई । इसमें पुलिस के सतत सूचना संकलन एवं लगातार तकनीकि विश्लेषण के आधार पर बालिकाओं के गुजरात के बड़ोदरा में होने की जानकारी मिलने पर कुम्भराज थाने से पुलिस की एक टीम तत्काल बड़ोदरा के लिये रवाना की गई । जहां पर पुलिस टीम द्वारा सतर्कता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए अंतत: गत दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को प्रकरण में अपहृत दोंनो नाबालिगों को सुरक्षित दस्तयाब कर उन्हें कुम्भराज लगाया गया, जहां पर विधिवत कार्यवाही उपरांत दोंनो बालिकाओं को बाल कल्याण समिति के माध्यम से उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया । प्रकरण की विवेचना एवं अग्रिम बैधानिक कार्यवाही जारी है ।


               कुम्भराज थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित अग्रवाल, उपनिरीक्षक होतम सिंह बघेल, सउनि कैलाशनारायण जटिया, सउनि रेखा नामदेव, प्रधान आरक्षक सलीम खान, प्रधान आरक्षक शिवकुमार रघुवंशी, प्रधान आरक्षक आलोक भदौरिया, आरक्षक सत्येन्द्र रावत, आरक्षक धर्मवीर सिंह, आरक्षक दिलीप धाकड़, आरक्षक सुनील धाकड़, आरक्षक आलम जमरा, आरक्षक दिलीप साहू, महिला आरक्षक पिंकी सोलंकी, एवं साइबर सेल से आरक्षक भूपेन्द्र खटीक व आरक्षक अभय रघुवंशी का सराहनीय योगदान रहा है ।


               अपहृत नाबालिगों को खोजने में पुलिस की इस कार्यवाही की बालिकाओं के परिजनों व समाज द्वारा सराहना करते हुए उनके द्वारा आज कुम्भराज थाना परिसर में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित अग्रवाल सहित उनके स्टॉफ को पुष्प हारों से सम्मानित कर बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार से कार्यवाहियां किए जाने की अपेक्षा की गई ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.