जयस्तंभ चौराहे की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने गुना पुलिस की पहल
*ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो चालक, दुकानदार एवं हाथ ठेला संचालकों से किया संवाद, व्यवस्थाओं को लेकर लिए महत्वपूर्ण सुझाव*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा डीएसपी ट्रैफिक श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा गुना शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं । इसी क्रम में आज यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजयप्रताप सिंह द्वारा शहर के जयस्तंभ चौराहा पर ऑटो यूनियन अध्यक्ष, स्थानीय ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों, आसपास के दुकानदारों तथा हाथ ठेला संचालकों के साथ संवाद स्थापित किया गया । इस दौरान जय स्तंभ चौराहे पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, वाहनों की पार्किंग को व्यवस्थित करने तथा आमजन के आवागमन को सुगम बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई ।
संवाद के दौरान स्थानीय ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों द्वारा सुझाव दिया गया कि जब तक जय स्तंभ चौराहे से दूर कोई स्थायी पार्किंग स्थल निर्धारित नहीं होता, तब तक चौराहे के चारों ओर निश्चित दूरी पर सफेद लाइन मार्किंग कराई जाए । ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित लाइन के भीतर ही वाहन खड़ा करने के लिए निर्देशित किया जाए, जिससे चौराहे पर होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित किया जा सके और यातायात बाधित न हो ।
हाथ ठेला संचालकों के संबंध में स्थानीय लोगों द्वारा सुझाव दिया गया कि लक्ष्मी नारायण मंदिर के दोनों ओर उपलब्ध स्थान को व्यवस्थित एवं विकसित किया जाए । इससे हाथ ठेला संचालकों को सीमित एवं निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा तथा मुख्य मार्ग एवं चौराहे पर ठेले खड़े होने से उत्पन्न यातायात बाधा को कम किया जा सकेगा ।
स्थानीय दुकानदारों द्वारा चौराहे पर अव्यवस्थित रूप से लगे विद्युत एवं टेलीफोन पोल को हटाने अथवा उन्हें सुविधाजनक एवं निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित करने का सुझाव दिया गया । इससे सड़क की उपलब्ध चौड़ाई बढ़ाने तथा यातायात एवं पैदल आवागमन को अधिक सुगम बनाने में सहायता मिल सकेगी ।
संवाद के दौरान स्थानीय यातायात प्रभारी लोगों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस, स्थानीय दुकानदारों, ऑटो-ई-रिक्शा चालकों एवं हाथ ठेला संचालकों के बीच आपसी समन्वय एवं सहयोग पर जोर दिया गया ।
समग्र रूप से संवाद सकारात्मक एवं सहयोगात्मक रहा । उपस्थित ऑटो चालक, दुकानदार एवं हाथ ठेला संचालकों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने में पुलिस का सहयोग करने तथा निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने की सहमति व्यक्त की ।
गुना पुलिस का उद्देश्य आमजन की सुविधा, सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय नागरिकों के सुझावों को साथ लेकर प्रभावी एवं व्यावहारिक समाधान विकसित करना है ।
