Type Here to Get Search Results !

पंचायत दर्पण पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न

 पंचायत दर्पण पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न




गुना 


जनपद पंचायत आरोन में पंचायत दर्पण पोर्टल के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन तथा ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न ऑनलाइन मॉड्यूल के बेहतर उपयोग को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन जनपद पंचायत सभागार आरोन में किया गया। 


कार्यशाला मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक दुबे के निर्देशन में एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत आरोन गौरव यादव की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुई। प्रशिक्षण में जनपद पंचायत आरोन अंतर्गत समस्त ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।


कार्यशाला में जिला समन्वयक राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) एवं मास्टर ट्रेनर श्री संदीप मेहरा द्वारा पंचायत दर्पण पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायतों में दैनिक रूप से उपयोग किए जाने वाले पोर्टल के विभिन्न प्रावधानों, ऑनलाइन प्रविष्टियों,अभिलेखों के संधारण तथा पंचायत स्तर पर संचालित कार्यों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं अद्यतन की प्रक्रिया से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।


मास्टर ट्रेनर द्वारा OSR Management, दृष्टि (Accounting), Asset Mapping, Construction Work Management सहित पंचायत दर्पण पोर्टल के अन्य महत्वपूर्ण मॉड्यूल की कार्यप्रणाली को प्रायोगिक रूप से समझाया गया। साथ ही संबंधित मॉड्यूल में आवश्यक जानकारी समय-सीमा में दर्ज करने, उपलब्ध अभिलेखों एवं पोर्टल पर दर्ज जानकारी में आवश्यक समन्वय बनाए रखने तथा ऑनलाइन कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूर्ण करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


कार्यशाला के दौरान शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पंचायत स्तर पर किए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। 

मुख्य कार्यपालन अधिकारी गौरव यादव द्वारा उपस्थित पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को निर्देशित किया गया कि शासन की प्राथमिकताओं एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ग्राम पंचायतों में योजनाओं एवं विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। पंचायतें अपना विद्युत बिल समय पर जमा करती रहे एवं विभिन्न टैक्स भी प्राप्त करते हे ,पंचायत दर्पण पोर्टल पर सभी आवश्यक प्रविष्टियां एवं जानकारी समय-सीमा में अद्यतन की जाए तथा लंबित कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।


इस दौरान ग्राम पंचायतवार कार्यों एवं दायित्वों की जानकारी लेते हुए संबंधित सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों को आवश्यक टास्क निर्धारित किए गए तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर उसकी प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि पोर्टल से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रक्रियात्मक समस्या होने पर संबंधित स्तर पर तत्काल अवगत कराते हुए उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्राम पंचायतों के कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।


प्रशिक्षण कार्यशाला में ब्लॉक कोऑर्डिनेटर स्वच्छ भारत मिशन (SBM) श्री नीरज शर्मा एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) श्री जीतू रघुवंशी सहित जनपद पंचायत आरोन का संबंधित अमला उपस्थित रहा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.