Type Here to Get Search Results !

लम्पी स्किन डिसीज की रोकथाम के लिए गुना जिले में विकासखंड स्तर पर बनेंगे आइसोलेशन सेंटर

 लम्पी स्किन डिसीज की रोकथाम के लिए गुना जिले में विकासखंड स्तर पर बनेंगे आइसोलेशन सेंटर



गुना,  नजदीकी जिलों में लम्पी स्किन डिसीज के प्रकोप को देखते हुए गुना जिले में पशुओं को इस बीमारी से बचाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उपसंचालक पशुपालन विभाग डॉ. उमाशंकर शर्मा ने बताया कि जिले में विकासखंड स्तर पर आइसोलेशन सेंटर स्थापित करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।


उन्होंने बताया कि लम्पी स्किन डिसीज पशुओं में होने वाली विषाणुजनित संक्रामक बीमारी है। यह मुख्य रूप से मच्छर, मक्खी तथा खून चूसने वाले कीटों के माध्यम से फैलती है। इस बीमारी से संक्रमित पशु को तेज बुखार आता है तथा उसकी त्वचा पर गांठें बनने लगती हैं। इसके कारण पशु के दुग्ध उत्पादन में भी कमी आ सकती है।


डॉ. शर्मा ने बताया कि लम्पी स्किन डिसीज की रोकथाम के लिए टीकाकरण प्रभावी उपाय है। पशुपालन विभाग द्वारा जिले की गौशालाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक लगभग 35 हजार पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। पशुओं के टीकाकरण के लिए विभाग द्वारा टीमें गठित की गई हैं।


उन्होंने पशुपालकों से अपील की है कि यदि किसी पशु में लम्पी स्किन डिसीज के लक्षण दिखाई दें, तो उसे अन्य पशुओं से अलग रखें तथा उपचार के लिए नजदीकी पशु चिकित्सालय, पशु औषधालय अथवा चलित पशु चिकित्सा इकाई के टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क करें। बीमारी से संबंधित सूचना पशुपालन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 07542-252422 पर भी दी जा सकती है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.