स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत छात्राओं ने दिया स्वच्छता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संदेश
Guna-
स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद् गुना द्वारा शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संचय के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 16 स्थित शासकीय कस्तूरबा कन्या महाविद्यालय, गुना में रंगोली, चित्रकला, कबाड़ से कला/जुगाड़ प्रतियोगिता, स्वच्छता की पाठशाला एवं स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी शैलेश अवस्थी के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद् गुना की सहयोगी स्वच्छता संस्था सिद्धिविनायक वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज की IEC टीम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने आकर्षक रंगोली एवं चित्रकला बनाकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, कबाड़ से कला/जुगाड़ प्रतियोगिता के माध्यम से अनुपयोगी वस्तुओं का पुनः उपयोग कर उपयोगी एवं कलात्मक वस्तुएँ बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्वच्छता की पाठशाला में सिद्धिविनायक टीम द्वारा छात्राओं को चार-बिन व्यवस्था तथा स्रोत स्तर पर कचरे के पृथक्करण की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक तथा सैनिटरी/विशेष कचरे को अलग-अलग निर्धारित डिब्बों में एकत्रित कर उचित तरीके से निपटान करना चाहिए। साथ ही खुले में कचरा नहीं फेंकने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के महत्व को समझाया गया।
इस अवसर पर जल संचय संवाद के माध्यम से जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं को RRR (Reduce, Reuse, Recycle) यानी कचरे को कम करने, वस्तुओं का पुनः उपयोग करने और पुनर्चक्रण अपनाने के महत्व से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ जागरूकता रैली निकाली। इसके साथ ही सभी छात्राओं को स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित पृथक्करण करने, जल संरक्षण अपनाने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश समाज के व्यापक वर्ग तक पहुँचाना तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में कस्तूरबा कन्या महाविद्यालय, गुना प्राचार्य डॉ विनीता जैन, सहा. प्राध्यापक सुश्री विधि जैन, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूनम पारीक, डॉ. दिवाकर तिवारी, डॉ. माधवी सालुंके, श्री प्रशांत आर्य ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
