विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जिला चिकित्सालय गुना में पांच चरणों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
225 विद्यार्थियों ने पोस्टर गतिविधि में लिया भाग, 90 मरीजों की स्क्रीनिंग कर दिया परामर्श एवं उपचार
गुना, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जिला चिकित्सालय गुना के मनकक्ष विभाग द्वारा स्वास्थ्य समिति, रेडक्रॉस समिति एवं मन समिति के सहयोग से पांच चरणों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष डॉ. एल.के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रथम चरण – जागरूकता सेमिनार: मनोचिकित्सक एवं मानसिक स्वास्थ्य नोडल अधिकारी डॉ. आर.एस. भाटी ने मानसिक तनाव, अवसाद एवं अन्य मानसिक समस्याओं के लक्षण और उपचार की जानकारी दी। उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त भारत की शपथ ली। मनोरोग नर्सिंग अधिकारी रवि सिंह यादव ने टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 एवं मनहित ऐप की जानकारी दी।
द्वितीय चरण – जागरूकता रैली: स्लोगनयुक्त रैली निकालकर आमजन को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया तथा पंपलेट वितरित किए गए।
तृतीय चरण – पोस्टर गतिविधि: विद्यार्थियों द्वारा मानसिक स्वास्थ्य विषय पर बनाए गए पोस्टरों का प्रदर्शन एवं मूल्यांकन किया गया। इसमें 225 विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा उत्कृष्ट पोस्टरों के लिए पुरस्कार वितरित किए गए।
चतुर्थ चरण – महिलाओं की स्क्रीनिंग: गर्भवती एवं प्रसवोत्तर महिलाओं को मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक कर उनकी स्क्रीनिंग की गई।
पंचम चरण – मरीजों को उपचार: 90 मरीजों की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी स्क्रीनिंग कर आवश्यक परामर्श, उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम का संचालन नर्सिंग ऑफिसर अर्चना आचार्य ने किया तथा आभार नर्सिंग ऑफिसर प्रज्ञा मांडवे ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. पी.एन. धाकड़, डॉ. आनंद शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस दौरान बताया गया मानसिक परेशानी होने पर संकोच न करें। समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लें तथा आवश्यकता पड़ने पर टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 का लाभ उठाएं।
