निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करें – कलेक्टर श्री कन्याल
निर्माण कार्यो की समीक्षा बैठक में दिये आवश्यधक दिशा-निर्देश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि जिले में निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। कार्यों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करें तथा निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं का आपसी समन्वय से त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने विद्युत वितरण, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल निगम, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, एमपीआरडीसी एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने, पाइपलाइन शिफ्टिंग एवं एनओसी संबंधी समस्याओं का संबंधित विभाग तत्काल निराकरण करें। भूमि विवाद एवं अतिक्रमण के कारण प्रभावित निर्माण कार्यों के निराकरण के लिए एसडीएम एवं तहसीलदार मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाए तथा अधिकारी कार्यों की प्रगति एवं समय-सीमा के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करें।
बैठक में बताया गया कि गुना में 50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय का कार्य 65 प्रतिशत पूर्ण है। जिला मुख्यालय पर निर्माणाधीन खेल परिसर की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कार्यपालन यंत्रियों को निर्देशित किया कि जल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित परियोजनाओं को प्राथमिकता से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर आमजन को लाभान्वित करें।
