स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाएं, जन-जन तक पहुंचाएं आयुष चिकित्सा पद्धति की खूबियां
योग और आयुष चिकित्सा से निरोगी जीवन का संदेश, कलेक्टर ने चिकित्सकों से साझा करने को कहा अपने अनुभव
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि स्वास्थ्य प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की सबसे अनमोल संपत्ति है। योग और आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाकर अधिक से अधिक लोगों तक इसके लाभ पहुंचाए जाएं। उन्होंने आयुष विभाग के चिकित्सकों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आमजन को योग, आयुष चिकित्सा पद्धतियों तथा विभिन्न बीमारियों में उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दें, ताकि लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होकर इन पद्धतियों के बारे में जान सकें।
चिकित्सक अपने अनुभवों से लोगों को करें जागरूक
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने आयुष विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों से उनके अनुभव साझा करने को कहा। उन्होंने विभिन्न बीमारियों में योग, आयुष औषधियों एवं चिकित्सा पद्धतियों की उपयोगिता के संबंध में जानकारी ली। साथ ही कहा कि चिकित्सक अपने अनुभवों और उपलब्ध प्रमाणिक जानकारियों के माध्यम से आमजन को जागरूक करें, जिससे लोग योग एवं आयुष चिकित्सा के प्रति समझ विकसित कर सकें।
योग और आयुष चिकित्सा पद्धतियों की दी जानकारी
बैठक में आयुष विभाग के अधिकारियों द्वारा विभिन्न योग पद्धतियों, चिकित्सा विधियों तथा अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं में उपयोग की जाने वाली तकनीकों के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान आयुष चिकित्सा की विशेषताओं, योग के महत्व तथा स्वास्थ्य जागरूकता के लिए किए जा सकने वाले प्रयासों पर चर्चा की गई। इस दौरान आयुष विभाग के विभिन्न निर्माण कार्यों एवं राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर आयोजित हुई गतिविधि की जानकारी दी गई।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी, डिप्टी कलेक्टर श्री देवांशु शिवहरे, आयुष विभाग के अधिकारी श्री कुलदीप सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
