‘‘मिलावट के विरूद्ध अभियान; बसों पर मावा की सर्चिंग, पिकअप में मिला ढाई क्विंटल मावा जब्त’’
गुना
आगामी त्यौहारों के मद्देनजर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को मिलावट के विरूद्ध कार्यवाही करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा बाहर से आने वाले मावा पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों द्वारा बसों से आने वाले मावा की चैकिंग एवं निगरानी की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर विभाग की टीम द्वारा ग्राम बिलोनिया के पास, पिकअप वाहन क्रमांक MP08 GA 2203 का निरीक्षण किया। उक्त वाहन में 5 कट्टे मावा, मात्रा 2.5 क्विंटल के रखे हुए पाये, जो वाहन मालिक रामसेवक शर्मा द्वारा ग्वालियर से अशोकनगर ले जाना बताये गये। अधिकारियों द्वारा उक्त मावा की गुणवत्ता जांच हेतु मावा के 2 नमूने जांच हेतु लेकर लैब को भेजे गए हैं। बचे हुए शेष मावा को अधिकारियों द्वारा जब्त कर लिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा बाहर से आने वाले मावा, पनीर की जांच हेतु बसों की चैकिंग कार्यवाही जारी है।
कलेक्टर श्री कन्याल के निर्देशानुसार मिलावट के विरूद्ध अभियान अंतर्गत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं सैम्पलिंग कार्यवाही निरंतर जारी है।
