गुना शहर की सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित
शॉर्ट एवं लॉन्ग टर्म प्लान पर हुई चर्चा, अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
गुना
गुना शहर में सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक श्री पन्नालाल शाक्य, पूर्व मंत्री श्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शॉर्ट टर्म एवं लॉन्ग टर्म प्लान तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। यातायात व्यवस्था में आ रही प्रमुख समस्याओं, उनके स्थायी समाधान तथा आवश्यक प्रशासनिक एवं पुलिस कार्रवाई के संबंध में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सुझाव दिए गए। बैठक के दौरान झांकी समितियों, फूल की दुकानों एवं ऑटो चालकों के साथ बैठक आयोजित कर उनके सुझाव भी लेकर कार्य योजना बनाने के लिए कहा।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सुमन, डिप्टी कलेक्टर श्री देवांशु शिवहरे, एग्जीक्यूटिंग मजिस्ट्रेट श्री मयंक तिवारी एवं सीएमओ श्री शैलेश अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में संकरे मार्गों एवं प्रमुख सड़कों पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को चिन्हित कर उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई के साथ सख्त कार्रवाई किए जाने पर भी चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री कन्याल ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
