Type Here to Get Search Results !

निजी नर्सिंग होम एवं क्लीनिक संचालकों को निर्धारित मानकों एवं नियमों के पालन के निर्देश

 निजी नर्सिंग होम एवं क्लीनिक संचालकों को निर्धारित मानकों एवं नियमों के पालन के निर्देश



गुना 


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले के समस्त निजी नर्सिंग होम एवं निजी चिकित्सालय संचालकों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 05 अक्टूबर 2026 को बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी 24 नर्सिंग होम के संचालक अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषीश्वर ने निजी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराने तथा मध्यप्रदेश उपचर्या गृह तथा रूजोपचार संबंधी स्थापनाएं अधिनियम, 1973 का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संस्थानों को आवश्यक वैधानिक अनुपालनों को पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा संबंधित बिंदुओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान निजी स्वास्थ्य संस्थानों के संचालकों द्वारा बताई गई समस्याओं पर भी चर्चा की गई।


बैठक में अस्पताल एवं क्लीनिक परिसर में दर सूची आवश्यक रूप से चस्पा करने, अस्पताल में आरआरएमपी चिकित्सक की उपलब्धता, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपलब्ध सेवाओं एवं विशेषज्ञताओं का उचित प्रदर्शन, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट नियमों का पालन, अस्पताल, क्लीनिक एवं पैथोलॉजी परिसर में पार्किंग व्यवस्था, फायर एनओसी एवं फायर ऑडिट की उपलब्धता, विद्युत सुरक्षा प्रमाण पत्र, प्रदूषण बोर्ड का प्रमाण पत्र, बायोमेडिकल वेस्ट प्रमाण पत्र तथा HFR/HPR पंजीयन की स्थिति सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।


बैठक में निर्देश दिए गए कि आपातकालीन स्थिति में आने वाले प्रत्येक मरीज को तत्काल आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा संबंधित विशेषज्ञ द्वारा भी मरीज का शीघ्र परीक्षण कर समुचित उपचार प्रदान किया जाए। यदि चिकित्सालय मरीज की बीमारी संबंधी विधा में आयुष्मान योजना से संबद्ध नहीं है, तो नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण कर मरीज को अवगत कराया जाए तथा उसकी सहमति के अनुसार उपचार प्रदान किया जाए।


इसके साथ ही Infectious/Notifiable Diseases के साथ टीबी, IDSP, डेंगू, मलेरिया एवं एएनसी पंजीयन आदि की अनिवार्य रिपोर्टिंग निर्धारित प्रावधानों के अनुसार समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


बैठक के अंत में सभी संचालकों एवं प्रतिनिधियों को संस्थानों में मरीजों को उच्च गुणवत्ता की चिकित्सकीय सेवाएं सेवा भाव से एवं वैधानिक मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराने तथा निर्धारित निर्देशों का पालन करते हुए चिकित्सालयों का संचालन करने के लिए अवगत कराया गया। निर्देशों का पालन नहीं होने की स्थिति में संस्थान का पंजीयन निरस्त किए जाने की कार्यवाही की जा सकती है। इस पर सभी संचालकों एवं प्रतिनिधियों द्वारा निर्देशों का पालन करते हुए मरीजों का उपचार करने संबंधी सहमति व्यक्त की गई।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.