*लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुना में गूंजा राष्ट्रीय एकता का संदेश
*राष्ट्रीय एकता दिवस पर भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन*
*पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने दौड़ लगाकर दिया एकता, अखंडता एवं भाईचारे का संदेश*
आधुनिक भारत के निर्माता एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में आज दिनांक 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुना शहर में भव्य रूप से ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया । आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं सामाजिक सद्भाव की भावना को सशक्त बनाने के साथ आमजन में राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूकता एवं प्रतिबद्धता का संदेश प्रसारित करना रहा ।
माननीय विधायक गुना श्री पन्नालाल शाक्य के मुख्य आतिथ्य तथा पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के नेतृत्व में प्रातः 08 बजे शहर के शास्त्री पार्क के समक्ष से ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य शुभारंभ हुआ । कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रीय एकता तथा अखंडता की शपथ के साथ किया गया ।
इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, नगर के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की । पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं दौड़ में शामिल होकर आमजन को राष्ट्र की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का प्रेरणादायी संदेश दिया ।
‘रन फॉर यूनिटी’ का मार्ग शास्त्री पार्क से प्रारंभ होकर लक्ष्मीगंज, सदर बाजार, निचला बाजार एवं हाट रोड होते हुए हनुमान चौराहा तक निर्धारित किया गया था । पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक दौड़ लगाते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की । हनुमान चौराहे पर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ ।
इस अवसर पर संदेश दिया गया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस अखंड एवं सशक्त भारत की कल्पना की थी, उसे बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है । राष्ट्रीय एकता दिवस हमें स्मरण कराता है कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए । एकता में शक्ति है, अखंडता में राष्ट्र की पहचान है । आइए, हम सभी मिलकर एक सशक्त, समृद्ध एवं एकजुट भारत के निर्माण का संकल्प लें ।
आयोजन में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व में डीएसपी यातायात श्री मुकेश दीक्षित, सीएसपी गुना सुश्री सैफा हासमी, एसडीओपी गुना श्री हेमंत पाण्डेय, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय, गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, प्रभारी रेडियो निरीक्षक विकाश उपाध्याय, यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजयप्रताप सिंह, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक जुबेर खान, निरीक्षक त्रिवेणी राजावत आदि अधिकारियों सहित काफी संख्या में पुलिस कर्मचारी शामिल हुए ।
