विजयादशमी पर गुना पुलिस लाइन में हुआ शस्त्र पूजन कार्यक्रम
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं एसपी श्रीमती हितिका वासल ने विधि-विधान से की शस्त्रों और पुलिस वाहनों की पूजा-अर्चना
गुना,
विजयादशमी पर्व के पावन अवसर पर परंपरा के अनुरूप आज गुना पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने मंत्रोच्चार, हवन एवं विधि-विधान के साथ पुलिस विभाग के शस्त्रों और वाहनों की पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के दौरान विजयादशमी की परंपरा का निर्वहन करते हुए प्रतीकात्मक रूप से तलवार से तूमड़े की बलि भी दी गई। शस्त्र पूजन के माध्यम से पुलिस विभाग की गौरवशाली परंपरा, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए जिले की निरंतर उन्नति और प्रगति की कामना की। साथ ही उन्होंने नागरिकों से पर्व को आपसी सद्भाव, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, एसडीएम श्रीमती शिवानी पाण्डे, डिप्टी कलेक्टर श्री देवांशु शिवहरे सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
