*चांचौडा थाना पुलिस ने चोरी के दो प्रकरणों में फरार आरोपी किया गिरफ्तार, चोरी हुई सोने की अंगूठी बरामद*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा विभिन्न प्रकरणों में फरार अपराधियों की धरपकड हेतु सतत एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुना श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा चोरी के दो प्रकरणों में फरार आरोपी गिरफ्तार किया गया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 02 सितंबर 2026 को चांचौड़ा थाने पर फरियादिया मंजूबाई रजक निवासी ग्राम अजगरी के द्वारा अपने घर से नगदी एवं सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, उसकी रिपोर्ट पर पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 289/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था ।
इसी प्रकार दिनांक 27 अगस्त 2026 को फरियादी संतोष मीना निवासी बीनागंज द्वारा भी घर से नगदी एवं सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 279/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था ।
चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा चोरी के उपरोक्त प्रकरणों में सक्रियता पूर्वक कार्यवाही करते हुए दिनांक 24 सितंबर 2026 को दो आरोपी उदय उर्फ बुशी सेन निवासी शाहिद कॉलोनी ब्यावरा जिला राजगढ़ एवं सरवन मीना निवासी ग्राम कान्हाखेड़ी थाना कुंभराज जिला गुना को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सोने का एक पेंडल एवं एक जोड़ चांदी की पायल बरामद की गई थी । पूछताछ में उक्त चोरियों में एक और आरोपी हेमंत राजपूत की भी संलिप्तता पाई गई थी, उसे भी पुलिस द्वारा नामजद कर उसकी तलाश प्रारंभ की गई । जिसकी तलाश के क्रम में गत दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को मुखबिर सूचना पर बीनागंज चौकी पुलिस द्वारा त्वरित व प्रभावी कार्यवाही करते हुए प्रकरणों में फरार अंतिम आरोपी हेमंत पुत्र देवेन्द्र राजपूत उम्र 30 साल निवासी ग्राम जयसिंहपुरा थाना चांचौड़ा को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की सोने की एक अंगूठी बरामद की गई है ।
चांचौड़ा थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, प्रधान आरक्षक सुनील रघुवंशी, एवं आरक्षक शिवप्रताप तोमर, आरक्षक मोनू करारे, आरक्षक अजय समाधिया, आरक्षक नवदीप शर्मा एवं साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव व आरक्षक भूपेन्द्र खटीक की विशेष भूमिका रही है ।
